- महंगाई-मिलावट पर चलाएंगे अभियान: पटवारी

भोपाल/बिच्छू डॉट कॉम
जेन-जी और जेन अल्फा को जोड़ने-जुड़ने में जुटी कांग्रेस अब प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था की पोल खोलेगी। राहुल गांधी के कार्यक्रम छात्रों की गूंज को ताकत देते हुए प्रदेश भर में दस्तक अभियान चलाया जाएगा। अभियान के तहत कांग्रेस पंचायत स्तर तक पहुंचकर स्कूलों का निरीक्षण करेगी और स्कूल की हालत सोशल मीडिया पर उजागर करेगी। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी ने प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्व. राजीव गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद मीडिया से चर्चा में यह बात कही। प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था को लेकर सरकार पर सीधा हमला करते हुए पटवारी ने कहा कि सरकार को अविलंब श्वेत पत्र जारी करना चाहिए। उन्होंने कहा कि राजनीति से ऊपर उठकर सरकार को विपक्ष और समाज के सभी वर्गों के साथ संवाद करते हुए प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था की वास्तविक स्थिति सामने रखनी चाहिए। यदि सरकार सुधार के लिए ठोस कार्ययोजना बनाती है तो पूरा सहयोग करने को तैयार हैं। अन्यथा हम सरकार को 8 दिन का समय देते हैं। वरना कांग्रेस छात्रों की गूंज के तहत पूरे प्रदेश में शिक्षा के अधिकार और विद्यार्थियों के भविष्य से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाएगी। कांग्रेस कार्यकर्ता प्रदेश के प्रत्येक स्कूल में पहुंचेंगे। दस्तक अभियान चलाकर कांग्रेस की नवगठित पंचायत कमेटियों के माध्यम से स्कूलों की वास्तविक स्थिति जनता के सामने लाई जाएगी। पूर्व प्रधानमंत्री स्व. राजीव गांधी की 82 वीं जयंती पर कांग्रेस जनों ने श्रद्धासुमन अर्पित किए।
