ड्राइवर के घर मिले 3.02 करोड़ रुपए के सोर्स की जांच करेंगी तीन एजेंसियां

सागर में स्कूल वैन ड्राइवर के घर बैगों में मिले 3.02 करोड़ रुपये की जांच अब तीन एजेंसियां करेंगी। आर्थिक अपराध विंग (ईओडब्ल्यू) रकम से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग के पहलू की जांच करेगा, जबकि सरकारी अधिकारियों और विभागों की संलिप्तता की जांच लोकायुक्त पुलिस करेगी। बेनामी संपत्ति और कर अपवंचन के पहलू की जांच आयकर विभाग करेगा। दरअसल, हथियार और बेनामी संपत्ति की मुखबिरी के बाद सागर पुलिस ने गोपालगंज इलाके में स्कूल वैन ड्राइवर सौरभ अहिरवार के घर छापा मारा था। इस दौरान चार ट्रॉली बैग में भरे 3.02 करोड़ रुपये बरामद हुए। पूछताछ में सौरभ और उसके परिवार ने बताया कि सौरभ की मौसी सहोदरा बाई के पति रमेश अहिरवार भोपाल में पीडब्ल्यूडी से सेवानिवृत्त इंजीनियर हैं। उनके मुताबिक, बरामद रकम रिटायर्ड इंजीनियर अहिरवार ने ही उनके घर रखवाई थी। पुलिस ने नकदी जब्त करने के साथ सौरभ और उसके परिवार के बयान दर्ज किए। इसके बाद लोकायुक्त, ईओडब्ल्यू और आयकर विभाग को जांच के लिए पत्र लिखा गया है।

Related Articles