
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खंडेलवाल ने मंगलवार को प्रदेश कार्यालय में मीडिया से चर्चा में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी यदि वास्तव में देश व छात्रों के मुद्दों पर गंभीर हैं, तो उन्हें संसद चलने देना चाहिए। केंद्र सरकार हर विषय पर बहस के लिए तैयार है और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह हर सवाल का जवाब देने को तत्पर हैं। राहुल चर्चा से भाग रहे हैं, क्योंकि बहस होते ही उनके झूठ का पर्दाफाश हो जाएगा। खंडेलवाल के आरोप लगाया कि राहुल छात्रों के नाम पर दोहरा मापदंड अपना रहे हैं। दिल्ली में छात्रों पर गोलीबारी का झूठा और मनगढ़ंत दावा करके वे देश को गुमराह कर रहे हैं, जबकि वहां ऐसी कोई घटना नहीं हुई। जंतर-मंतर पर ढोंग रचने वाले राहुल झारखंड में कांग्रेस समर्थित सरकार द्वारा प्रदर्शनकारी छात्रों पर की गई लाठीचार्ज, आंसू गैस और बर्बरता पर पूरी तरह मौन हैं।
