
डाबर के कई प्रोडक्ट की बिक्री पर रोक लगा दी गई है। इनमें शहद और गाय का घी भी शामिल है। ये प्रोडक्ट 100 फीसदी शुद्धता के दावे के साथ बेचे जा रहे थे। यह रोक खाने-पीने के सामानों के मानक तय करने वाली सरकारी संस्था एफएसएसएआई ने लगाई है। फूड सेफ्टी एंड स्टेंडर्ड अथॉरिटी ऑफ इंडिया ने इन दावों को गुमराह करने वाला बताया है। इस पर डाबर से 15 दिनों के भीतर रिपोर्ट मांगी है। एफएसएसएआई ने सोशल मीडिया के जरिए इस बात की जानकारी दी है। एफएसएसएआई के अनुसार, कंपनी की वेबसाइट पर बेचे जा रहे खाद्य पदार्थों पर भ्रामक दावे पाए गए थे। इनमें 100 फीसदी नेचुरल, 100 फीसदी प्योर, 100 फीसदी प्योरिटी गारंटेड, 100 फीसदी ऑर्गेनिक और 100 फीसदी टेंडर कोकोनट वॉटर जैसे लेबल शामिल थे। एफएसएसएआई का कहना है कि 100 प्रतिशत दावों का यह उपयोग एफएसएस विनियम, 2018 का उल्लंघन करता है।
