- 150 किलोवाट तक टेस्ट रिपोर्ट की अनिवार्यता भी खत्म

भोपाल/बिच्छू डॉट कॉम
अभी तक बिजली बिलों को लेकर हमेशा ही उपभोक्ताओं में आक्रोश रहा है। अधिक राशि के बिजली बिलों की शिकायतें तो आम है ही, वहीं बिल जमा करने की अंतिम तारीख के दो-तीन दिन पहले ही बिल जारी किया जाता रहा, लेकिन अब 10 से 15 दिन का समय बिल जमा करने के लिए उपभोक्ताओं को मिलेगा।
विद्युत नियामक आयोग ने विद्युत आपूर्ति संहिता में संशोधन करते हुए इस आशय का प्रावधान किया है, जिसमें जहां छोटे उपभोक्ताओं को नया कनेक्शन लेना आसान होगा, तो बिजली बिल भुगतान के लिए समय भी अधिक मिलेगा। गजट नोटिफिकेशन के साथ यह नया प्रावधान भी लागू हो गया है। इसके साथ ही 150 किलो वॉट तक के लो टेंशन उपभोक्ताओं को नया कनेक्शन लेने के लिए बिजली ठेकेदार की टेस्ट रिपोर्ट जमा नहीं कराना पड़ेगी। बल्कि अधिसूचित श्रेणियों को छोड$कर ऐसे उपभोक्ता स्वघोषणा-पत्र दे सकेंगे। बिल भुगतान की समय सीमा में भी परिवर्तन किया गया है। कृषि उपभोक्ताओं को कम से कम 15 दिन का समय मिलेगा, तो अन्य श्रेणियों के उपभोक्ताओं के लिए कम से कम 10 दिन की अवधि तय की गई है। इतना ही नहीं, यदि अंतिम तारीख को कोई सार्वजनिक अवकाश रहता है तो उसके अगले कार्य दिवस को भुगतान की अंतिम तिथि माना जाएगा। दूसरी तरफ 54 साल पुरानी लाइनों से बिना ब्रेक डाउन बिजली उत्पादन भी एमपी ट्रांसको ने करते हुए एक नया रिकॉर्ड भी बनाया। इनमें कई ट्रांसमिशन लाइनें 1972 में स्थापित की गई थी।
