
बीरभूम के मोहम्मद बाजार इलाके में मंगलवार देर रात पुलिस की छापेमारी में एक सरकारी बस के पूर्व चालक के घर से 5.5 करोड़ रुपए की नकदी और बड़ी मात्रा में सोना जब्त किया गया है। सीएम शुभेंदु अधिकारी ने बुधवार को इस कार्रवाई का जिक्र करते हुए कहा कि घर से 15 किलो सोना मिला है। पुलिस ने मोहम्मद बाजार के देउचा इलाके में मिनार मंडल के घर को घेरकर छापामार कार्रवाई को अंजाम दिया। देर रात शुरू हुई कार्रवाई बुधवार को सुबह तक जारी रही। घर में नोटों के कई बंडल मिले हैं। नकदी की गिनती के लिए पांच नोट गिनने वाली मशीनें मंगाई गईं। बरामद 5.5. करोड़ रुपए को ले जाने के लिए बड़े-बड़े ट्रंक भी लाए गए।मिनार मंडल सरकारी बस का पूर्व चालक है। पत्थर कारोबार से भी जुड़ा हुआ है। दावा है कि वह बीरभूम के चर्चित पत्थर कारोबारी टुलू मंडल के कई पत्थर खदानों के कारोबार से भी जुड़ा रहा है। बरामद कैश और सोने का स्रोत क्या है तथा इसका किसी अवैध गतिविधि से संबंध है या नहीं, यह अभी स्पष्ट नहीं है।
