
- मंत्रालय से विदाई, बने प्रशासन अकादमी के महानिदेशक
भोपाल/बिच्छू डॉट कॉम। मध्यप्रदेश सरकार ने वरिष्ठ आईएएस अधिकारी डॉ. राजेश राजौरा प्रदेश के अगले मुख्य सचिव के दावेदार थे, लेकिन अब उनकी मंत्रालय से ही विदाई हो गई है। राजौरा को नरोन्हा प्रशासन एवं प्रबंधकीय अकादमी, भोपाल का महानिदेशक नियुक्त किया गया है। राज्य शासन ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिए हैं। 1990 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा अधिकारी डॉ. राजेश राजौरा अब तक अपर मुख्य सचिव, नर्मदा घाटी विकास विभाग तथा अपर मुख्य सचिव, जल संसाधन विभाग का दायित्व संभाल रहे थे। नई नियुक्ति के साथ उनका मंत्रालय से तबादला कर दिया गया है। डॉ. राजौरा का तबादला ऐसे समय हुआ है जब राज्य में नए मुख्य सचिव के रूप में अशोक वर्णवाल ने कार्यभार संभाला है। अशोक वर्णवाल 1991 बैच के आईएएस अधिकारी हैं, जबकि डॉ. राजेश राजौरा उनसे एक बैच वरिष्ठ (1990 बैच) हैं। प्रशासनिक परंपरा के अनुसार मंत्रालय में किसी वरिष्ठ आईएएस अधिकारी को अपने से जूनियर मुख्य सचिव के अधीन पदस्थ नहीं किया जाता। इसी परंपरा के तहत डॉ. राजेश राजौरा को मंत्रालय से बाहर स्थानांतरित करते हुए नरोन्हा प्रशासन एवं प्रबंधकीय अकादमी का महानिदेशक बनाया गया है। नरोन्हा प्रशासन एवं प्रबंधकीय अकादमी राज्य के प्रशासनिक अधिकारियों और कर्मचारियों के प्रशिक्षण की प्रमुख संस्था है। महानिदेशक के रूप में डॉ. राजौरा प्रशासनिक प्रशिक्षण, क्षमता विकास और सुशासन से जुड़े कार्यक्रमों की जिम्मेदारी संभालेंगे।
17 महिला कलेक्टर थीं, अब संख्या घटकर 15
प्रदेश के 55 जिलों में एक माह पहले तक 17 महिला कलेक्टर पदस्थ थीं। अब यह संख्या घटकर 15 रह गई है। खरगोन कलेक्टर भव्या मित्तल इसी माह दो साल की स्टडी लीव पर चली गई हैं, इसलिए वहां नए कलेक्टर की पोस्टिंग की गई है। वहीं मंदसौर कलेक्टर अदिति गर्ग और आगर मालवा कलेक्टर प्रीति यादव से कलेक्टरी लेकर उन्हें भोपाल पदस्थ किया गया है। दूसरी ओर रतलाम कलेक्टर मिशा सिंह को शहडोल का कलेक्टर बनाया गया है, जिससे महिला कलेक्टरों की संख्या में एक पद की भरपाई हुई।
वर्णवाल ने अपने विभाग सुखवीर सिंह को सौंपे
शुक्रवार को सीएम अशोक वर्णवाल ने अपने पास के विभाग पीडब्ल्यूडी संभाल रहे प्रमुख सचिव सुखवीर सिंह को सौंपने का आदेश जारी करा दिया। गौरतलब है कि आने वाले कुछ महीनों में कई आईएएस अधिकारी सेवानिवृत्त होंगे। इनमें से कई प्रमुख विभागों को संभाल रहे हैं। अगले माह यानि कि 31 अगस्त को पशुपालन विभाग संभाल रहे प्रमुख सचिव उमाकांत उमराव सेवानिवृत्त हो जाएंगे। कृषि कल्याण वर्ष के दौरान यह विभाग मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की प्राथमिकताओं में है। जहां ऐसे अधिकारी को पदस्थ किया जा सकता है, जो सीएम की मंशानुरुप परिणाम दे सके। चंबल कमिश्नर सुरेश कुमार 30 सितम्बर को, लोकायुक्त सचिव अरुणा गुप्ता और केन्द्रीय प्रतिनियुक्ति पर बतौर सचिव इंटर स्टेट काउंसिल अपनी सेवाएं दे रहे आशीष श्रीवास्तव भी इसी साल 31 अक्टूबर को सेवानिवृत हो जाएंगे। प्रशासनिक सूत्रों की मानें तो नए सीएस जल्द ही संभावित फेरबदल को लेकर मुख्यमंत्री से मंत्रणा कर सकते है। इसमें सबसे पहले उन विभागों पर ध्यान दिया जाएगा, जिनकी कमान अतिरिक्त प्रभार के तौर पर अधिकारी संभाले हुए हैं, जिससे उन पर काम का बोझ ज्यादा है।
