मध्य प्रदेश विधानसभा सचिवालय में 12 साल बाद पदोन्नति

मध्य प्रदेश विधानसभा
  • 182 अधिकारी-कर्मचारियों को मिला लाभ

भोपाल/बिच्छू डॉट कॉम
मध्य प्रदेश विधानसभा सचिवालय में करीब 12 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद अधिकारियों और कर्मचारियों की पदोन्नति का सिलसिला शुरू हुआ है। अब तक कुल 182 अधिकारी एवं कर्मचारियों को पदोन्नति का लाभ मिल चुका है। लंबे समय से रुकी इस प्रक्रिया के शुरू होने से सचिवालय के कर्मचारियों में उत्साह का माहौल है। कई ऐसे अधिकारी-कर्मचारी भी हैं, जो वर्षों से उच्च पद का कार्यभार संभाल रहे थे, लेकिन औपचारिक पदोन्नति नहीं मिलने के कारण प्रभारी के रूप में ही कार्य कर रहे थे। अब नियमित पदोन्नति मिलने से उनकी सेवाओं को आधिकारिक मान्यता मिल गई है।
जानकारी के अनुसार विधानसभा सचिवालय में इससे पहले 8 दिसंबर 2014 को पदोन्नति आदेश जारी किए गए थे। उस समय विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सीतासरन शर्मा और प्रमुख सचिव भगवान देव इसरानी थे। इसके बाद लगभग 12 वर्षों तक सचिवालय में प्रमोशन की प्रक्रिया ठप रही। इस लंबे अंतराल के दौरान अनेक अधिकारी और कर्मचारी पदोन्नति की प्रतीक्षा करते हुए सेवानिवृत्त हो गए। सरकार द्वारा पदोन्नति का रास्ता साफ किए जाने के बाद विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने इस मामले में विशेष पहल की, जिसके परिणामस्वरूप वर्षों से लंबित प्रक्रिया को आगे बढ़ाया गया।
चारों श्रेणियों के कर्मचारियों को मिला लाभ
पदोन्नति की प्रक्रिया पिछले सप्ताह से शुरू हुई थी। पहले चरण में सचिवालय के प्रथम श्रेणी के 15 अधिकारियों को पदोन्नति दी गई। इसके बाद मंगलवार को विभिन्न श्रेणियों के अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए नए आदेश जारी किए गए। इनमें द्वितीय श्रेणी (सेक्शन ऑफिसर) के 40 अधिकारी, तृतीय श्रेणी के 93 कर्मचारी और चतुर्थ श्रेणी के 34 कर्मचारी को पदोन्नति का लाभ मिला। इस प्रकार अब तक कुल 182 अधिकारी-कर्मचारियों को प्रमोशन दिया जा चुका है।
अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर का किया सम्मान
पदोन्नति आदेश जारी होने के बाद अधिकारी और कर्मचारी विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर से मिलने पहुंचे और उनका सम्मान किया। इस अवसर पर तोमर ने सभी पदोन्नत अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि नई जिम्मेदारियों के साथ उनकी जवाबदेही भी बढ़ गई है। उन्होंने अपेक्षा व्यक्त की कि सभी अधिकारी और कर्मचारी ईमानदारी, दक्षता तथा जनसेवा की भावना से कार्य करेंगे और विधानसभा सचिवालय की कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी, पारदर्शी एवं उत्कृष्ट बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। इस अवसर पर विधानसभा के प्रमुख सचिव अरविंद शर्मा भी उपस्थित रहे।

Related Articles