
- दतिया से चुनाव लडऩे भाजपा से एक और दावेदार
भोपाल/बिच्छू डॉट कॉम। दतिया विधानसभा उपचुनाव को लेकर अभी भाजपा- कांग्रेस ने औपचारिक तौर पर अपने प्रत्याशियों का भले ही ऐलान नहीं किया है। लेकिन भाजपा से पूर्व मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने 13 जुलाई को नामांकन पत्र जमा करने का मुहूर्त निकलवाया है। वहीं भाजपा से चुनाव लडऩे के लिए भाजयुमो के पूर्व जिलाध्यक्ष मुकेश मुड़ोतिया ने दावेदारी करते हुए हाईकमान को पत्र लिखा है। भाजपा का फोकस बूथ स्तर पर माइक्रो मैनेजमेंट पर है। 13 जुलाई को नामांकन जमा होने की अंतिम तारीख है। भाजपा के संभावित प्रत्याशी मिश्रा की ओर से बुधवार को नामांकन पत्र खरीदा गया है। दोनों ही दलों में बैठकों के दौर तेज हो गए है। पूर्व विधायक राजेंद्र भारती ने अब अपनी पत्नी शोभा भारती का नाम टिकट की दावेदारी से हटा लिया है। इसके बाद कांग्रेस नेतृत्व अपने चुनावी सर्वे के हिसाब से घनश्याम सिंह और अवधेश नायक के नामों पर विचार कर रहा है। संभवत: शुक्रवार को पार्टी उनकी उम्मीदवारी का ऐलान कर देगी।
नरोत्तम मिश्रा समेत 9 नेताओं ने खरीदे फॉर्म
विधानसभा उपचुनाव की अधिसूचना जारी होने के बाद नामांकन प्रक्रिया छह जुलाई से आरंभ हो गई है। जो 13 जुलाई तक चलेगी। बुधवार को भाजपा की ओर से संभावित प्रत्याशी पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने नामांकन पत्र खरीदा। वहीं तीन अन्य लोगों बालकिशन विश्वकर्मा, वेदराम कुर्मी और हंसमुखी लोधी ने भी नामांकन फार्म लिए। इस तरह कुल नौ दावेदारों ने नामांकन खरीदे हैं।
