दिग्विजय ने भागवत को ‘धर्म रक्षा’ में शामिल होने का दिया आमंत्रण

दिग्विजय

चंदा चोरों पर साधा निशाना, उज्जैन से अयोध्या तक निकालेंगे यात्रा

भोपाल/बिच्छू डॉट कॉम। मप्र की राजनीति में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने एक बार फिर हलचल मचा दी है। उन्होंने आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत को अपनी आगामी पदयात्रा में शामिल होने का सार्वजनिक आमंत्रण दिया है। यह यात्रा धर्मस्थलों में चंदे की पारदर्शिता और कथित वित्तीय अनियमितताओं के विरोध में आयोजित की जा रही है। दिग्विजय सिंह ने सोशल मीडिया के माध्यम से जानकारी दी है कि उनकी यह पदयात्रा 2 अक्टूबर 2026 को गांधी जयंती के अवसर पर उज्जैन के महाकाल मंदिर से शुरू होकर अयोध्या के राम मंदिर तक जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया है कि यह यात्रा पूरी तरह से गैर-राजनीतिक होगी, जिसमें किसी भी राजनीतिक दल के झंडे या बैनर का उपयोग नहीं किया जाएगा। यात्रा के दौरान वे प्रतिदिन 10 से 15 किलोमीटर की दूरी पैदल तय करेंगे और इस पूरी अवधि में वे सोशल मीडिया से पूरी तरह दूरी बनाए रखेंगे।
आरएसएस और वीएचपी से समर्थन की अपील
दिग्विजय सिंह ने मोहन भागवत को संबोधित करते हुए कहा कि ‘धर्म की रक्षा और इसे चंदा चोरों से बचाने के लिए’ आरएसएस और विश्व हिंदू परिषद को आगे आना चाहिए। उन्होंने आरएसएस प्रमुख से व्यक्तिगत रूप से इस यात्रा में शामिल होने का आग्रह किया है। उनका कहना है कि इस यात्रा में वे सभी रामभक्त शामिल हो सकते हैं, जिन्होंने मंदिर निर्माण के लिए दान दिया था।

Related Articles