
भोपाल/बिच्छू डॉट कॉम। स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग के एक नए नियम ने प्रदेश के कई जिला अस्पतालों में चिकित्सकों की कमी को और अधिक बढ़ा दिया है। यह कमी एक जुलाई से बढ़ गई है। दरअसल स्वास्थ्य विभाग ने डिस्ट्रिक्ट रेसीडेंट डॉक्टर प्रोग्राम (डीआरपी) के नियमों में संशोधन कर दिया है। नए नियम के मुताबिक मेडिकल कॉलेज में अध्ययनरत पीजी सेकेंड ईयर के रेसीडेंट्स डॉक्टरों को अब उसी संभाग में इंटर्नशिप पर भेजा जाएगा, जिस संभाग में उनका मेडिकल कॉलेज संचालित है। उदाहरण के लिए जैसे भोपाल के गांधी मेडिकल कॉलेज के पीजी स्टूडेंट्स को भोपाल संभाग के अंतर्गत आने वाले जिला अस्पतालों में पोस्टिंग दी जाएगी। जबकि इस नियम से पहले पोस्टिंग के लिए पूरे मप्र के जिला अस्पतालों का विकल्प खुला रहता था। स्टूडेंट्स अपनी पसंद और सहूलियत के आधार पर जिला अस्पताल चुन लेता था। जानकारी अनुसार मप्र के सभी मेडिकल कॉलेजों में पढ़ने वाले पीजी स्टूडेंट्स के लिए डीआरपी बनाया गया है।
