एक्शन: सांभर को पोहा खिलाने वाले एसडीओ फॉरेस्ट को किया सस्पेंड

एसडीओ फॉरेस्ट

सतपुड़ा टाइगर रिजर्व के प्रभारी सहायक संचालक विनोद वर्मा को सांभर को पोहा खिलाने के मामले में तत्काल प्रभाव से 25 जून को निलंबित कर दिया गया है। उनका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद वन विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठे थे। मामले को लेकर कार्रवाई की मांग तेज हुई, जिसके बाद प्रमुख सचिव वन संदीप यादव के निर्देश पर यह कदम उठाया गया। सतपुड़ा टाइगर रिजर्व की क्षेत्र संचालक राखी नंदा की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में विनोद वर्मा एक सांभर के साथ अस्वाभाविक व्यवहार करते हुए दिखाई दे रहे हैं। इसे शासकीय दायित्वों के विपरीत और गंभीर लापरवाही माना गया है। यह वीडियो 21 जून का है। वन विभाग ने इसे मध्यप्रदेश सिविल सेवा आचरण नियम, 1965 के नियम-3 का उल्लंघन मानते हुए मध्यप्रदेश सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम, 1966 के तहत उन्हें निलंबित कर दिया। विशेषज्ञों के अनुसार सांभर जैसे वन्यजीवों को नमकयुक्त या मानव भोजन खिलाना खतरनाक हो सकता है। इससे वन्यजीवों में इंसानों पर निर्भरता बढऩे लगती है और वे बार-बार रिहायशी इलाकों की ओर आने लगते हैं। इससे मानव-वन्यजीव संघर्ष का खतरा भी बढ़ जाता है।


Related Articles