
बिच्छू डॉट कॉम। केन-बेतवा लिंक परियोजना भूमि अधिग्रहण में आ रही अड़चनों के कारण तय समय से पिछड़ सकती है। किसानों के विरोध और जमीन अधिग्रहण की धीमी प्रक्रिया के चलते कई स्थानों पर काम प्रभावित हुआ है। मानसून के कारण अगले तीन महीनों तक नहर और बांध निर्माण का काम भी सीमित रहेगा। परियोजना को वर्ष 2029 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है, लेकिन मौजूदा हालात में इसकी समय-सीमा पर संकट के बादल मंडरा रहे हैं। परियोजना के पहले चरण में 222 किलोमीटर लंबी मुख्य नहर का निर्माण किया जा रहा है, जिससे मध्य प्रदेश के पन्ना, छतरपुर और टीकमगढ़ तथा उत्तर प्रदेश के झांसी जिले को लाभ मिलेगा। इसके बाद दूसरे चरण में छोटी-छोटी नहरों के माध्यम से क्षेत्र के तालाबों, बांधों और जलाशयों को जोडऩे की योजना है।
