
– पूर्व एसीएस बर्णवाल समेत 7 को नोटिस
भोपाल/बिच्छू डॉट कॉम। लंबे समय से विभागीय जांच लंबित होने के कारण पदोन्नति से वंचित 1994 बैच के आईएफएस मोहन लाल मीणा ने सेंट्रल एडमिनिस्ट्रेटिव ट्रिब्यूनल (कैट) जबलपुर बेंच में याचिका दायर की है। मीणा ने विभाग के कुछ अफसरों और वन विभाग के पूर्व एसीएस अशोक बर्णवाल पर जानबूझ कर उनकी जांच को लंबित रखने के आरोप लगाए हैं ताकि उन्हें पदोन्नति से वंचित रखा जा सके। मीणा ने अपने केस में केंद्रीय पर्यावरण वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय के सचिव, मप्र के वन विभाग के प्रमुख सचिव, वन बल प्रमुख शुभ रंजन सेन, वन विभाग के तत्कालीन एसीएस अशोक बर्णवाल, तत्कालीन वन बल प्रमुख असीम श्रीवास्तव, तत्कालीन पीसीसीएफ जांच व सतर्कता पुरुषोत्तम धीमन को प्रतिवादी बनाया है। कैट की ओर से सभी को नोटिस जारी किए गए हैं। कैट की जूरी 18 जून को इस केस में सभी पक्षों के जवाब आने के बाद सुनवाई करेगा।
केंद्रीय प्रतिनियुक्ति से मप्र लौट सकते हैं गोपाल: केंद्र सरकार में टेक्सटाइल मंत्रालय में स्पेशल सेक्रेट्री और फाइनेंशियल एडवाइजर मप्र कैडर के 1990 बैच के आईएफएस अधिकारी असित गोपाल रिटायरमेंट से पहले मप्र लौट सकते हैं। असित गोपाल का 31 जुलाई को रिटायरमेंट हैं। वे 1 जुलाई को 60 वर्ष की आयु पूरी कर रहे हैं। वन विभाग के सूत्रों के मुताबिक वे रिटायरमेंट के आखिरी महीने में केंद्रीय प्रतिनियुक्ति से मप्र वापस लौटेंगे।
