- तबादले के बाद भी नई जगह नहीं जाना चाहते थे अफसर, अब नहीं माने तो वेतन कटेगा

भोपाल/बिच्छू डॉट कॉम
मध्यप्रदेश में राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों को तबादले के बाद समय पर रिलीव नहीं किए जाने का मामला सामने आया है। अगस्त 2025 में सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा किए गए तबादलों के बावजूद कई अधिकारी नौ-नौ महीने तक पुराने पदस्थापना स्थल पर ही कार्य करते रहे, जिससे प्रशासनिक व्यवस्था प्रभावित हो रही थी। अब सामान्य प्रशासन विभाग (जीएडी) ने सख्त कदम उठाते हुए चार राज्य प्रशासनिक सेवा अधिकारियों को एकपक्षीय रूप से कार्यमुक्त कर दिया है। विभाग द्वारा जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि यह कार्रवाई 20 मई से प्रभावी मानी जाएगी।
जीएडी ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल नई पदस्थापना स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही कहा गया है कि कार्यभार संभालने के बाद इसकी सूचना सामान्य प्रशासन विभाग को भेजना अनिवार्य होगा। सूत्रों के मुताबिक जिन अधिकारियों को एकतरफा रिलीव किया गया है, उनमें अपर कलेक्टर, संयुक्त कलेक्टर और डिप्टी कलेक्टर स्तर के अधिकारी शामिल हैं। विभाग ने संबंधित कलेक्टरों को भी निर्देश जारी किए हैं कि यदि आदेश के बाद भी अधिकारी पुराने स्थान पर कार्य करते पाए गए तो उनका वेतन आहरित नहीं किया जाएगा। प्रशासनिक हलकों में इस कार्रवाई को अनुशासनात्मक सख्ती के रूप में देखा जा रहा है। माना जा रहा है कि लंबे समय से लंबित रिलीविंग के कारण जिलों में प्रशासनिक कार्य प्रभावित हो रहे थे, जिसके चलते विभाग को यह कदम उठाना पड़ा।
नौ माह से रिलीव नहीं हुए ये अफसर
प्रमोशन के बाद रोहन कुमार संयुक्त कलेक्टर बड़वानी से अपर कलेक्टर जिला अलीराजपुर, प्रियंक भारद्वाज डेहरिया डिप्टी कलेक्टर जिला सागर से डिप्टी कलेक्टर जिला छतरपुर, संतोष मुदगल, प्रभारी डिप्टी कलेक्टर जिला रायसेन से प्रभारी उप संचालक सामाजिक न्याय, ग्वालियर, राकेश कुमार चौधरी, प्रभारी डिप्टी कलेक्टर जिला कटनी से प्रभारी डिप्टी कलेक्टर जिला रीवा शामिल है।
राजेश गुप्ता राज्य शिष्टाचार अधिकारी बने
वहीं राज्य प्रशासनिक सेवा के अफसरों का मंत्रालय में ही स्थानांतरण किया गया है। दो अधिकारियों को जीएडी पूल में रखा गया है वहीं राजेश गुप्ता को राज्य शिष्टाचार अधिकारी बनाया गया है। सामान्य प्रशासन विभाग ने एक अन्य आदेश जारी कर चार राज्य प्रशासनिक सेवा के अफसरों को स्थानांतरित किया है। इस आदेश में जीएडी पूल में पदस्थ वंदना अटूट मेहरा को उप सचिव पर्यटन विभाग बनाया गया है और संचालक निवेश संवर्धन बोर्ड का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। खाद्य और नागरिक आपूर्ति विभाग में उपसचिव रंजना पाटने को उपसचिव सामान्य प्रशासन विभाग पूल में भेजा गया है। वहीं राजेश कुमार गुप्ता उप सचिव संस्कृति और पर्यटन विभाग को राज्य शिष्टाचार अधिकारी तथा उपसचिव संस्कृति विभाग के अतिरिक्त प्रभार की जिम्मेदारी सौंपी गई है। एक अन्य राज्य प्रशासनिक सेवा की अफसर शिराली जैन को अवर सचिव कार्मिक से अवर सचिव सामान्य प्रशासन विभाग पूल में पदस्थ किया गया है।
