
गोदामों में रखे गेहूं को बचाने के लिए सरकार आईआईएम मुंबई की मदद लेगी। गोदामों को अनाज के भंडारण के दौरान होने वाले नुकसान को कम करने के लिए वेयरहाउसिंग लॉजिस्टिक्स कार्पोरेशन के कर्मचारियों को आईआईएम मुंबई में ट्रेनिंग दिलवाई जाएगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को खाद्य नागरिक आपूर्ति विभाग की समीक्षा बैठक ली और यह निर्देश दिए। ऊर्जा और आयुष विभाग की समीक्षा बैठक भी हुई। इस दौरान खाद्य नागरिक आपूर्ति मंत्री गोविंद सिंह राजपूत मुख्य सचिव अनुराग जैन सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि खाद्य विभाग अन्य विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर उपभोक्ताओं के हित में काम करे। बैठक में विभाग के अफसरों ने बताया कि उपार्जन, मिलिंग और परिवहन कार्य में लगे वाहनों की पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए अब यूलिप सॉफ्टवेयर से उनका सत्यापन किया जाने की जानकारी दी गई।
