- लेडी तस्कर-पुलिसकर्मी सहित चार को पकड़ा

भोपाल/बिच्छू डॉट कॉम
शहर के एक शऱाब कारोबारी को एक करोड़ रुपये के लिए ब्लैकमेल करने का मामला सामने आय़ा है। अपराध शाखा ने महिला तस्कर और प्रधान आरक्षक को हिरासत में लिया है। आरोपित फोटो और वीडियो बहुप्रसारित करने की धमकी देकर रुपयों की मांग कर रहे थे। पुलिसकर्मी इंटेलिजेंस शाखा में पदस्थ है और तस्कर के संपर्क में था। डीसीपी (अपराध) राजेश त्रिपाठी के अनुसार बाणगंगा थाना क्षेत्र में रहने वाले शराब कारोबारी ने शिकायत दर्ज करवाई थी। उसका प्रॉपर्टी का भी कारोबार फैला हुआ है। 45 वर्षीय कारोबारी की कुछ साल पूर्व द्वारकापुरी निवासी अलका दीक्षित से मुलाकात हुई थी। अलका का अवैध शराब का कारोबार है। अलका ने खंडवा (पीथमपुर) निवासी लाखन चौधरी मुलाकात करवाई। लाखन ने देवास, खंडवा, धार और आसपास के क्षेत्र में प्रापर्टी में निवेश करने और बिजनेस पार्टनर बनने के लिए कहा। उसने कहा कि बिजनेस पार्टनर बनने पर बहुत फायदा करवा दूंगा। कारोबारी ने उसकी बातों पर भरोसा नहीं किया और उसकी बात को अनसुना कर दिया। आरोप है कि कुछ समय पूर्व लाखन दोबारा मिला औऱ कहा कि तुमने हमारा प्रस्ताव स्वीकार नहीं किया है। अलका के साथ में 50 प्रतिशत का अनुबंध कर लो वर्ना अंजाम ठीक नहीं होगा। अलका दीक्षित द्वारकापुरी क्षेत्र की शराब तस्कर है। उसके खिलाफ 17 से ज्यादा केस दर्ज है। अलका फिलहाल ड्रग का धंधा कर रही थी। उसने लाखन के साथ मिलकर हनीट्रैप का शिकार बनाना शुरू कर दिया था।
हनीट्रैप गर्ल श्वेता जैन ब्लैकमेलिंग के आरोप में गिरफ्तार
पुलिस ने भोपाल स्थित निवास से हनीट्रैप केस की आरोपी श्वेता जैन को हिरासत में लिया है। हनीट्रैप गर्ल श्वेता पर आरोप है कि उसने इंदौर के कारोबारी हितेंद्र सिंह उर्फ चिंटू ठाकुर को ब्लैकमेल किया और 1 करोड़ रुपए की मांग की थी। कारोबारी ने जान से मारने की धमकी का भी आरोप लगाया है। इस मामले में पुलिस अब द्वारकापुरी निवासी अलका दीक्षित और श्वेता जैन से जुड़ी ब्लैकमेलिंग नेटवर्क की कडिय़ों की जांच में जुटी है।
सुपर कॉरिडोर पर गोली मारने की धमकी
फरियादी के अनुसार करीब 20 दिन पूर्व काम के सिलसिले में सुपर कॉरिडोर गया था। इसी दौरान कार साइड में खड़ी की और फोन पर बात करने लगा। अलका दीक्षित अपने बेटे जयदीप और लाखन के साथ आई और मारपीट कर गोली मारने की धमकी दी। उसने कहा कि पार्टनर न बनने पर गोली मार दूंगी। अलका ने फोटो और वीडियो बहुप्रारित करने की धमकी देकर 1 करोड़ रुपयों की मांग की। आरोपितों ने कहा तुम्हारा ऐसा हाल करेंगे की मुंह भी नहीं दिखा पाओगे। कारोबारी ने सीधे पुलिस कमिश्नर को शिकायत की और सोमवार को एफआइआर दर्ज करवा दी। तडक़े अपराध शाखा ने अलका,जयदीप और लाखन को हिरासत में ले लिया। इसी दौरान इंटेलिजेंस शाखा में पदस्थ प्रधान आरक्षक विनोद शर्मा का नाम सामने आय़ा। पुलिस ने विनोद को भी हिरासत में ले लिया।
हनीट्रैप में शामिल था प्रधान आरक्षक
पुलिस ने जब अलका के मोबाइल की जांच की तो पता चला अलका इंटेलिजेंस में पदस्थ प्रधान आरक्षक विनोद शर्मा के संपर्क में है। विनोद से उसकी चैटिंग भी चल रही थी। अलका ने कारोबारी के साथ बनाया वीडियो विनोद को भेजा था । विनोद क्राइम ब्रांच, चंदन नगर और अन्नपूर्णा थाना में पदस्थ रहा है। उसने अलका को धमकाने की सलाह दे दी। एमजी रोड थाना प्रभारी विजय सिंह सिसोदिया ने विनोद को राजेंद्र नगर स्थित सरकारी आवास से पकड़ा। उसके बेटे से हुज्जत भी हुई और उसका मोबाइल और लैपटॉप भी जब्त कर लिया । ऑपरेशन गोपनीय रखा गया था। पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह और एडिशनल पुलिस कमिश्नर (मुख्यालय) आरके सिंह नजर रखे गए थे। सीपी ने डीसीपी(अपराध) राजेश कुमार त्रिपाठी को कार्रवाई के लिए कहा था टीम ने सबसे पहले लाखन को पकड़ा। उसके बाद अलका और जयदीप को पकड़ लिया।
