सोम डिस्टिलरीज की जब्त बीयर बेचने की तैयारी

  • अब बीयर और शराब की शॉर्टेज होगी दूर

भोपाल/बिच्छू डॉट कॉम
प्रदेश में शराब दुकानों पर अंग्रेजी शराब और बीयर के कई ब्रांड की शॉर्टेज को देखते हुए आबकारी विभाग ने इससे निपटने की तैयारी की है। विभाग ने फैसला लिया है कि सोम डिस्टलरी की रोजड़ाचक और सेहतगंज की ब्रुअरीज और डिस्टलरीज में तैयार पड़ा माल खरीदकर प्रदेश की शराब दुकानों पर सप्लाई किया जाएगा। फरवरी माह में आबकारी विभाग ने एक आपराधिक मामले में कार्रवाई करते हुए सोम डिस्टलरीज और ब्रुअरीज का लाइसेंस सस्पेंड कर दिया था। इसके बाद वहां शराब और बीयर का उत्पादन बंद है। हालांकि लाइसेंस सस्पेंड होने की तारीख तक वहां तैयार अंग्रेजी शराब और बीयर की भारी मात्रा रखी हुई थी। लाइसेंस सस्पेंड होने के चलते आबकारी विभाग ने यहां से शराब की खेप उठाना भी रोक दिया था।
कई ब्रांड नदारद, ग्राहकों की शिकायतों के बाद फैसला: सोम डिस्टलरीज प्रदेश के शराब कारोबार में बड़ी आबकारी ठेकेदार और शराब निर्माता है। प्रदेश में सप्लाई होने वाली बीयर की लगभग 50 फीसदी आपूर्ति इसी कंपनी के ब्रांड्स के जरिए होती थी, जबकि अंग्रेजी शराब की भी लगभग 20 फीसदी आपूर्ति इसी फर्म के जरिए हो रही थी। यहां से माल न उठाने की वजह से प्रदेश की शराब दुकानों में बीयर और अंग्रेजी शराब के कई ब्रांड्स नदारद हो गए और केवल चुनिंदा ब्रांड ही वाइन शॉप पर बेचे जा रहे हैं। इसके अलावा बीयर की किल्लत का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि शराब दुकानें खुलेआम पसंदीदा ब्रांड के लिए मनमाने दाम वसूल रही हैं। इसकी शिकायतें सोशल मीडिया पर जमकर वायरल भी हो रही हैं।
सोम डिस्टलरीज के ये ब्रांड आएंगे बाजार में: बीयर- हंटर, ब्लैक फोर्ट, पावर, पावरकूल, वुडपेकर
अंग्रेजी शराब- माइलस्टोन, लीजेंड, महावत, भीमबेटका, पेंटागन, फॉक्स, व्हाइट फॉक्स, सुपर पॉवर और जिनीयस।
राशनिंग और एक्सपोर्ट के बाद भी नहीं सुधरे हालात
इन दिनों प्रदेश की अधिकांश शराब दुकानों में चीप (सस्ती) रेंज की अन्य बीटार तो मिल रही हैं, लेकिन हाई रेंज की बीटार की जमकर शॉर्टेज है। आबकारी विभाग जहां जिलों में शराब दुकानों को एक दिन में अधिकतम 300 पेटी बीयर की ही सप्लाई लिमिट तय कर चुका है, वहीं प्रदेश से अन्य राज्यों और विदेश जाने वाली बीटार पर भी रोक लगा चुका है। इसके बाद भी हालात नहीं सुधरे। अब आबकारी विभाग ने फैसला लिया है कि सोम डिस्टलरीज में जो तैयार बीटार और अंग्रेजी शराब का स्टॉक जमा है, उसे बाजार में सप्लाई किया जाएगा। आबकारी विभाग ने इसके लिए सोमवार से आबकारी पोर्टल में भी बदलाव कर दिए हैं और इसकी जानकारी शराब ठेकेदारों को दे दी है। विभाग को उम्मीद है कि सोम का स्टॉक बाजार में आने से आने वाले एक सप्ताह के भीतर स्थिति सामान्य हो सकेगी।
11 लाख से ज्यादा पेटियां, कीमत 80 करोड़
एमपी आबकारी विभाग ने चार अधिकारियों की गोपनीय रिपोर्ट के आधार पर फैक्ट्री और वेयरहाउस में रखे स्टॉक को रिटेल ठेकों तक भेजने की अनुमति दी है। विभाग के मुताबिक फैक्ट्री में कुल 11 लाख 66 हजार बियर पेटियां जब्त स्थिति में थीं। इनमें से करीब 4 लाख पेटियां एक्सपायर हो चुकी हैं, इसलिए उन्हें बाजार में नहीं भेजा जाएगा। अब करीब 7.66 लाख बियर पेटियों को शराब ठेकों तक पहुंचाने की तैयारी है। इनकी कीमत लगभग 80 करोड़ रुपए है। विभाग का तर्क है कि स्टॉक नष्ट होने पर सरकार को कुल 193 करोड़ रुपए का बकाया राजस्व नहीं मिल पाता। इसीलिए एक्सपायरी से पहले इसे रिलीज करना जरूरी था।

Related Articles