
पश्चिम बंगाल में नई सरकार के गठन के साथ ही कई नए फैसले लिए जा रहे हैं। सोमवार को बंगाल कैबिनेट की बैठक के बाद मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने ऐलान किया कि अब पश्चिम बंगाल से लगी बांग्लादेश की सीमा पर बाड़ेबंदी (फेंसिंग) के लिए सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) को जमीन दी जाएगी। सीएम ने कहा कि भूमि एवं राजस्व विभाग और मुख्य सचिव को अगले 45 दिनों के अंदर प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश दिया गया है। इसी के साथ उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकार ने अवैध घुसपैठियों के हित में केंद्र और अदालतों के निर्देशों की अनदेखी की थी। बांग्लादेश से लगती भारत की सीमा पर बाड़ेबंदी का मुद्दा कोई नया नहीं है। दरअसल, भारत अपनी सबसे लंबी सीमा बांग्लादेश से ही साझा करता है। इस सीमा का अधिकतर इलाका खुला है, जिसकी सुरक्षा की जिम्मेदारी बीएसएफ के पास है। हालांकि, कई क्षेत्रों में घने जंगल, नदी, तालाब, दलदल, आदि होने की वजह से यह क्षेत्र असुरक्षित ही रहते हैं। ऐसे में कई बार बांग्लादेश में रहने वाले लोग इस सीमा के जरिए भारत में घुसपैठ भी करते हैं।
