
बिच्छू डॉट कॉम। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी ने आरोप लगाया है कि यदि किसान का गेहूं 2700 से कम दाम पर बिका है, तो बीच की राशि सरकार ने चोरी की है। इसके लिए सीधी तौर पर सरकार जिम्मेदार है। खरीदी केंद्रों पर तौल और अन्य अनियमितताएं व्याप्त हैं। यदि 8 दिन के अंदर व्यवस्थाएं नहीं सुधरीं, तो कांग्रेस बड़वानी से लेकर ग्वालियर-चंबल तक आगरा-मुंबई हाईवे जाम करेगी। सेवादल के सत्याग्रह और उपवास के समापन कार्यक्रम में पटवारी ने यह चेतावनी दी। जीतू ने कहा, सेवादल का यह अभियान तथाकथित मोदी की गारंटी को जमीन पर लागू करवाने के उद्देश्य से चलाया गया है। सरकार ने गेहूं की खरीदी 2700 प्रति क्विंटल करने का वादा किया था, लेकिन किसान अपनी उपज 1800 या उससे कम दाम पर बेचने को मजबूर हैं। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी ने मप्र एवं देशभर के पुलिसकर्मियों के नाम एक खुला पत्र जारी किया है। इसमें हाल की घटनाओं में पुलिस तंत्र की स्वायत्तता, सम्मान एवं निष्पक्षता पर चिंता व्यक्त की गई। जीतू ने लिखा, मप्र में एक भाजपा विधायक द्वारा आइपीएस अफसर को धमकी देने की घटना ने देश को झकझोर दिया है।
