कांग्रेस नेता मनोज शुक्ला ने हाथों हाथ गिफ्ट किया लैपटॉप-मोबाइल

सियासी प्रतिस्पर्धा जो न कराए सब कम ही है। 10वीं की परीक्षा में राजधानी की छात्रा हिमांशी धाकड़ ने मेरिट में आकर अपनी प्रतिभा का परचम फहरा दिया। उसे शाबाशी देने में भी अनूठी सियासी होड़ सामने आ गई। हिमांशी को 99.4 प्रतिशत (497/500) अंक मिले हैं। सहकारिता मंत्री विश्वास सारंग ने उसके घर पहुंचकर बधाई दी और लैपटॉप दिलाने का वादा कर दिया। सारंग की इस घोषणा के बाद अगली सुबह सारंग के प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस नेता मनोज शुक्ला भी हिमांशी के घर जा पहुंचे और लगे हाथ उसे दुकान ले जाकर लैपटॉप और महंगा मोबाइल भी दिला दिया। राजधानी के नरेला क्षेत्र में मंत्री सारंग और कांग्रेस नेता शुक्ला के बीच सियासी प्रतिस्पर्धा और डाल-डाल, पात-पात का खेल पुराना है। नरेला क्षेत्र की प्रतिभाशाली बच्ची को शाबाशी देकर उत्साहवर्धन करने में शुक्ला ने बाजी मार ली। शुक्ला ने कहा कि हिमांशी ने पूरे क्षेत्र का सिर गर्व से ऊंचा कर दिया है। वह उसे तुरंत ही मंगलम इलेक्ट्रॉनिक्स ले गए और एक लाख रुपए के लैपटॉप-मोबाइल गिफ्ट में दिला दिए। उन्होंने यह भी कहा कि हिमांशी को संसाधनों की कमी नहीं आने देंगे। क्षेत्र में यह विषय दिन भर चर्चा में बना रहा। प्रतिभाशाली छात्रा हिमांशी के घर पर बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है।

Related Articles