
दतिया से कांग्रेस के पूर्व विधायक राजेंद्र भारती की अपील पर दिल्ली हाई कोर्ट में बुधवार को होने वाली सुनवाई दो सप्ताह के लिए टल गई। अब इस मामले में अगली सुनवाई 28 अप्रैल को तय की गई है। इस बहुचर्चित सहकारी बैंक फर्जीवाड़े में दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने भारती को 3 साल की सजा सुनाई थी। इसके बाद मप्र विधानसभा ने उनकी विधायकी खत्म कर दतिया सीट रिक्त घोषित कर दी। यदि भारती को दिल्ली हाई कोर्ट से राहत नहीं मिलती तो केंद्रीय चुनाव आयोग दतिया विधानसभा सीट पर उपचुनाव करा सकता है। जानकारी के मुताबिक बुधवार को दिल्ली हाई कोर्ट में सुनवाई के दौरान याची पक्ष के वकील उपस्थित नहीं हो पाए। इसी कारण सुनवाई आगे बढ़ा दी गई। कोर्ट ने अगली तारीख 28 अप्रैल को राज्य सरकार और मूल शिकायतकर्ता पक्ष को उपस्थित रहने के निर्देश दिए हैं।
