- 2027 की दीपावली तक पूरे हों सारे काम: सीएम

भोपाल/बिच्छू डॉट कॉम
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि सिंहस्थ-2028 के लिए प्रस्तावित सभी कार्य वर्ष 2027 की दीपावली तक आवश्यक रूप से पूर्ण कर लिए जाएं। सिंहस्थ के सफल संचालन, विकास कार्यों की निगरानी और समीक्षा तथा सूचना शिक्षा-संचार गतिविधियों के लिए जितने अधिकारियों-कर्मचारियों की आवश्यकता है उनकी संबंधित विभागों में तत्काल पूर्ति की जाए। सिंहस्थ के सफल संचालन के लिए पर्याप्त अधिकारियों-कर्मचारियों की उपलब्धता सुनिश्चित करें। सिंहस्थ से संबंधित विभिन्न दायित्वों के लिए सघन प्रशिक्षण की व्यवस्था आरंभ की जाए। अधोसंरचना से संबंधित सभी कार्य गुणवत्ता के साथ समय सीमा में पूर्ण हो। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने यह निर्देश सिंहस्थ 2028 के आयोजन के लिए गठित मंत्रिमंडलीय समिति की मंगलवार को मंत्रालय में हुई पांचवी बैठक में दिए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मंत्रिमंडलीय समिति की आगामी बैठक उज्जैन में की जाए। मंत्रिमंडलीय समिति ने 2 हजार 923 करोड़ 84 लाख रुपये राशि के 22 कार्यों को स्वीकृति प्रदान की।
उज्जैन के विभिन्न क्षेत्रों में सुविधाओं का विकास: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि सिंहस्थ के लिए हो रहे कार्यों की गुणवत्ता और बेहतर वित्तीय प्रबंधन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कार्यों का थर्ड पार्टी ऑडिट आवश्यक रूप से कराया जाए। सिंहस्थ के लिए उज्जैन के विभिन्न क्षेत्रों में बनने वाले भवनों का निर्माण इस प्रकार किया जाए, ताकि वे सिंहस्थ के बाद होने वाले वार्षिक आयोजनों के लिए भी उपयोगी हों। इसी प्रकार सडक़ों का निर्माण इस प्रकार किया जाए जिससे महाकाल लोक के अतिरिक्त उज्जैन के अन्य प्रमुख तीर्थों तक आवागमन अधिक सुगम हो सके। उन्होंने कहा कि दूरदराज से उज्जैन आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा की दृष्टि से उज्जैन के 100 किमी रेडियस में होम स्टे, पार्किंग, जन सुविधाएं विकसित करने को प्राथमिकता दी जाए। सिंहस्थ के समस्त प्रबंधन में स्थानीय संस्थाओं के सहयोग और जनसहभागिता को प्रोत्साहित किया जाए।
इन निर्माण कार्यों को मिली स्वीकृति
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में हुई बैठक में गुदरी चौराहे से पान दरीबा होते हुए हरसिद्धि पाल तक मार्ग चौड़ीकरण एवं सीमेंट कंक्रीट सडक़ निर्माण, बम्बई वाले की धर्मशाला से दानी गेट चौराहे तक मार्ग चौड़ीकरण एवं सीमेंट कंक्रीट सडक़ निर्माण, देवास रोड से नानाखेड़ा तक एमआर 2 मार्ग का उन्नयनीकरण, शिंदे नर्सिंग होम से नीलगंगा मुख्य मार्ग चौड़ीकरण, गौतम मार्ग से तिलकेश्वर मार्ग चौड़ीकरण एवं सीमेंट कंक्रीट सडक़ निर्माण, चौबीस खम्बा माता मंदिर से छोटा रूद्र सागर तक मार्ग चौड़ीकरण एवं सौन्दर्यीकरण कार्य, बदनावर देवास एनएचएआई रोड से सिकंदरी, दाउदखेड़ी तक मार्ग निर्माण, क्षिप्रा नदी के पूर्वी भाग पर सडक़ निर्माण, अंकपात चौराहा से खाकचौक चौराहा होते हुए मंगलनाथ तक मार्ग चौड़ीकरण, गदा पुलिया से रविशंकर नगर नरसिंह घाट तिराहे तक चौड़ीकरण, महाकाल चौराहे से गोपाल मंदिर होते हुए कमरी मार्ग चौराहा तक चौड़ीकरण एवं सीमेंट कंक्रीट सडक़ निर्माण तथा शनि मंदिर से मेठिया मार्ग पर नवीन पुल निर्माण कार्य को स्वीकृति प्रदान की गई।
