
बिच्छू डॉट कॉम।विश्व प्रसिद्ध खजुराहो के मंदिरों को अतिक्रमण मुक्त करने की दिशा में केंद्र सरकार ने ठोस कदम उठाए हैं। खजुराहो सांसद वीडी शर्मा की पहल के बाद केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। दरअसल, सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने 1 दिसंबर 2025 को लोकसभा में खजुराहो क्षेत्र में बढ़ते अतिक्रमण और अनियंत्रित निर्माण का मुद्दा उठाया था। इस पर संज्ञान लेते हुए मंत्रालय ने एएसआई को जांच और कार्रवाई के निर्देश दिए। एएसआई के विस्तृत सर्वेक्षण और निरीक्षण में पाया गया कि मंदिर समूह के निषिद्ध क्षेत्रों में कई अनाधिकृत निर्माण किए गए हैं। इसके बाद नियमों के तहत संबंधित लोगों को नोटिस जारी किए जा चुके हैं। साथ ही स्थानीय प्रशासन से इन निर्माणों को रोकने और हटाने के लिए हस्तक्षेप करने का आग्रह किया गया है।
