बिच्छू राउंडअप/नापाक साजिश नाकाम! लखनऊ से चार आतंकवादी गिरफ्तार

नापाक साजिश नाकाम

नापाक साजिश नाकाम! लखनऊ से चार आतंकवादी गिरफ्तार
उत्तर प्रदेश एटीएस को बड़ी सफलता मिली। एटीएस ने चार ऐसे आतंकियों को गिरफ्तार किया जो देश में आंतरिक माहौल को बिगाडऩे की तैयारी में लगे थे। यूपी एटीएस ने साकिब, विकास, लोकेश और अरबाब को गिरफ्तार किया। इनके पास से ज्वलनशील पदार्थ, सात मोबाइल फोन, 24 पंपलेट और आधार कार्ड मिले हैं। इनसे पूछताछ जारी है। गैस सिलेंडर और ट्रकों में आगजनी कर दहशत फैलाने की साजिश रची जा रही थी। आरोपियों ने कुछ स्थानों पर छोटी आगजनी की घटनाएं भी कीं। एटीएस ने गिरोह के मुख्य सदस्य साकिब उर्फ डेविल पुत्र शकील अहमद को शिकंजे में लिया। गिरोह का मुख्य सरगना साकिब उर्फ फैजल, निवासी मेरठ, बताया गया है, जो पेशे से नाई है। साकिब उर्फ डेविल अपने धंधे की आड़ में आतंकी पाकिस्तान हैंडर के संपर्क में रहकर सोशल मीडिया पर देश विरोधी गतिविधियों को संचालित कर रहा था। गिरफ्तार चारों आतंकी पैसों के लालच में देश विरोधी साजिश रचने लगे थे। गिरोह के मुख्य सदस्य ने अपने ही गांव के अरबाब को भी इस काम में शामिल कर लिया था। पैसों का लालच देकर उसने नोएडा के रहने वाले विकास और लोकेश को भी अपने गिरोह में शामिल कर लिया। पूछताछ में पता चला है कि चारों प्रतिष्ठित संस्थानों और वाहनों की रेकी भी करते थे। इस गिरोह ने गाजियाबाद, अलीगढ़, लखनऊ जैसे शहरों में वाहनों, रेलवे सिग्नल बॉक्स की रेकी की थी। घटना के बाद गिरोह ने उसके वीडियो बनाकर पाकिस्तानी हैंडलर को भेजे थे।

पाकिस्तान में डीजल 55 और पेट्रोल 43 फीसदी महंगा
पाकिस्तान में डीजल-पेट्रोल सबसे ज्यादा महंगा हो गया है। एक लीटर पेट्रोल 458 और डीजल 520 रुपया (पाकिस्तानी रुपया) के पार पहुंच गया है। सरकार ने पेट्रोल में 43 फीसदी और हाई-स्पीड डीजल के दाम में 55 प्रतिशत का इजाफा किया है। यह फैसला अमेरिका और ईरान के बीच चल रहे युद्ध के कारण ग्लोबल मार्केट में कच्चे तेल की कीमतों में आई तेजी के बाद लिया गया है। नई दरें गुरुवार आधी रात से लागू हो गई हैं। पाकिस्तान में पेट्रोल 137.23 बढक़र 458.41 और डीजल 184.49 बढक़र 520.35 रुपया प्रति लीटर पर पहुंच गया। केरोसिन के दाम भी 34.08 रुपया बढ़ाकर 457.80 रुपया प्रति लीटर कर दिए हैं। पिछले महीने पेट्रोल-डीजल 55 रुपया महंगा हुआ था। तब पेट्रोल 321.17 और डीजल 335.86 रुपया था। पाकिस्तान के 1 रुपया की वैल्यू भारत के 33 पैसे बराबर होती है। यानी भारत के 100 रुपए की वैल्यू पाकिस्तान में 300 रुपया के बराबर है।

केंद्र सरकार ने एनसीईआरटी को दिया डीम्ड यूनिवर्सिटी का दर्जा  
केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय ने नेशनल काउंसिल ऑफ एजुकेशनल रिसर्च एंड ट्रेनिंग (एनसीईआरटी) को डीम्ड यूनिवर्सिटी का दर्जा दिया। यूनिवर्सिटी ग्रांट्स कमीशन की सलाह पर शिक्षा मंत्रालय ने नोटिफिकेशन जारी कर इसकी घोषणा की। इस घोषणा के साथ ही एनसीईआरटी के पांच रीजनल इंस्टीट्यूट ऑफ एजुकेशन और भोपाल में सेंट्रल इंस्टीट्यूट ऑफ वोकेशनल एजुकेशन डीम्ड यूनिवर्सिटी बन गए हैं। इसमें रीजनल इंस्टीट्यूट ऑफ एजुकेशन अजमेर राजस्थान, रीजनल इंस्टीट्यूट ऑफ एजुकेशन भोपाल मध्य प्रदेश, रीजनल इंस्टीट्यूट ऑफ एजुकेशन, नॉर्थ ईस्ट रीजनल इंस्टीट्यूट ऑफ एजुकेशन शिलांग मेघालय और पंडित सुंदरलाल शर्मा सेंट्रल इंस्टीट्यूट ऑफ वोकेशनल एजुकेशन भोपाल मध्य प्रदेश यूनिट शामिल है।

‘बंगाल में हों स्वतंत्र, निष्पक्ष और भयमुक्त चुनाव’: सीईसी ज्ञानेश
चुनाव आयोग ने पश्चिम बंगाल में आगामी चुनावों को स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए कड़े निर्देश जारी किए हैं। मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार ने चुनाव आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी के साथ मिलकर मुख्य सचिव, पुलिस महानिदेशक, कोलकाता पुलिस आयुक्त और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों को इस संबंध में निर्देशित किया है। यह निर्देश मंडल आयुक्तों, एडीजीपी, आईजी, जिलाधिकारियों, पुलिस आयुक्तों, एसएसपी और एसपी सहित सभी स्तर के अधिकारियों पर लागू होंगे। चुनाव आयोग ने इस बात पर जोर दिया है कि चुनावी प्रक्रिया पूरी तरह से भय, हिंसा, धमकी, प्रलोभन, बूथ कैप्चरिंग, बूथ जैमिंग और मतदान में किसी भी प्रकार की बाधा से मुक्त होनी चाहिए। यह निर्देश मालदा जिले में हाल ही में हुई एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना के बाद आए हैं, जहां एक अप्रैल को एसआईआर प्रक्रिया के तहत मतदाता सूची से कथित तौर पर बड़े पैमाने पर नाम हटाए जाने के विरोध में ग्रामीणों ने तीन महिलाओं समेत सात न्यायिक अधिकारियों को बंधक बना लिया था।

Related Articles