
अल्लामा इकबाल मैदान नाम पर मानवाधिकार आयोग ने ली आपत्ति
राजधानी में एक पुराने मैदानं का नाम अल्लामा इकबाल के नाम पर होने पर राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग को आपत्ति है। आयोग ने इस मैदान का नाम बदलने की मांग पर राज्य सरकार से दो सप्ताह में जवाब तलब किया है। एनएचआरसी ने इस मामले में कड़ा रुख अपनाते हुए नगरीय विकास एवं आवास विभाग के प्रमुख सचिव, पर्यटन विभाग के प्रमुख सचिव, भोपाल कलेक्टर और निगम आयुक्त से जबाव मांगा है। आयोग ने चारों अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच करें और इस मामले में की गई उचित कार्रवाई की रिपोर्ट दो सप्ताह के भीतर अनिवार्य रूप से पेश करें। नोटिस में कहा गया है कि उन्हें 25 मार्च को एक शिकायत मिली है, जिसमें शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि इकबाल मैदान का नाम उन हस्तियों से जुड़ा है जो विभाजन की विचारधारा के समर्थक थे। पत्र में कहा गया है कि यह नाम भारतीय समाज के एक बड़े वर्ग की भावनाओं को ठेस पहुंचाता है। शिकायतकर्ता का तर्क है कि इस मैदान का नाम बदलने से न केवल राष्ट्रीय मूल्यों को सम्मान मिलेगा और सांस्कृतिक गौरव बढ़ेगा, बल्कि यह स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को भी उचित पहचान देगा। शिकायत में प्रशासनिक उदासीनता पर भी सवाल उठाए गए हैं।
भाजपा युवा मोर्चा में 56 प्रदेश पदाधिकारी नियुक्त
भारतीय जनता युवा मोर्चा (मप्र) में प्रदेश पदाधिकारियों की नियुक्ति की गई है। प्रदेश अध्यक्ष श्याम टैलर ने 56 पदाधिकारियों की सूची जारी की है। इसमें उपाध्यक्ष, महामंत्री, मंत्री, कार्यालय मंत्री, कोषाध्यक्ष सहित विभिन्न पद शामिल हैं। नियुक्तियां प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल की सहमति से की गई हैं। पदाधिकारियों की नियुक्ति सूची में भोपाल इंदौर, ग्वालियर, उज्जैन, जबलपुर समेत विभिन्न जिलों के कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी दी गई है। संगठन में मीडिया, आईटी और सोशल मीडिया समेत अलग-अलग कार्यों के लिए भी पदाधिकारी बनाए गए हैं। सूची के अनुसार 3 मीडिया, 3 आईटी और 4 सोशल मीडिया पदाधिकारी नियुक्त किए गए हैं, जबकि शेष संगठनात्मक और पद अन्य विभागीय जिम्मेदारियों के लिए हैं।
पटवारी के साथ शिवराज के घर के सामने जुटेंगे दो हजार किसान
कंधे पर बोरा लेकर केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के सरकारी निवास पर पहुंचने वाले कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी एक बार फिर गेहूं के साथ प्रदर्शन की तैयारी में हैं। इस बार भोपाल संभाग के 2000 किसानों के भी शामिल होने की बात कही गई है। ये सभी एक-एक क्विंटल गेहूं लेकर शिवराज सिंह के निवास के बाहर जुटेंगे। पटवारी का कहना है कि जब सरकार यह गेहूं खरीद ही मही रही और बार-बार तारीखें आगे बढ़ा रही है तो किसान के दो हजार क्विंटल गेहूं शिवराज सिंह के घर के बाहर ही छोडक़र जाएंगे। कांग्रेस का आरोप है कि राज्य सरकार जानबूझकर खरीदी में देरी कर रही है। कभी ऐसा नहीं हुआ कि लगातार तीन बार तारीखें बढ़ाई गई हों। किसानों का सूखा गेहूं खुले में पड़ा है। यदि सरकार लगातार तारीख आगे बढ़ाती रही तो गेहूं पानी में भीग जाएगा।
शिवराज के बेटे कार्तिकेय के खिलाफ हाईकोर्ट पहुंचे कांग्रेस नेता राहुल गांधी
मप्र के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान (वर्तमान में केंद्रीय मंत्री) के बेटे कार्तिकेय के खिलाफ कांग्रेस नेता राहुल गांधी हाईकोर्ट आए हैं। उन्होंने कार्तिकेय द्वारा भोपाल के एमपी एमएलए कोर्ट में दाखिल मानहानि मामले में जारी समन को चुनौती दी है। जस्टिस प्रमोद कुमार अग्रवाल की अदालत ने राहुल गांधी की ओर से किए गए आग्रह पर इस मामले की सुनवाई एक सप्ताह बाद करने के निर्देश दिए हैं। राहुल गांधी के खिलाफ कार्तिकेय ने भोपाल की एमपी-एमएलए कोर्ट में मानहानि का मामला दाखिल किया है। उनका आरोप है कि 2018 में झाबुआ में एक चुनावी रैली में शिवराज और उनके बेटे (कार्तिकेय) के खिलाफ आपत्तिजनक बयानबाजी की थी। राहुल ने कहा था कि पनामा पेपर्स लीक मामले में नवाज शरीफ का नाम आने पर उन्हें पाकिस्तान की जेल में डाल दिया जाता है, लेकिन उसी पनामा पेपर्स लीक मामले में शिवराज और कार्तिकेय का नाम आने पर मप्र में उनके खिलाफ कार्रवाई नहीं की जाती है।
