तीन संगठनों पर बैन एक साल के लिए बढ़ाया
मध्यप्रदेश सरकार ने कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (माओवादी) और उसके दो प्रमुख सहयोगी संगठनों पर लगे प्रतिबंध की अवधि को एक साल के लिए और बढ़ा दिया गया है। मध्यप्रदेश विशेष क्षेत्र सुरक्षा अधिनियम, 2000 के तहत इन संगठनों को विधि विरुद्ध घोषित करते हुए कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (माओवादी), क्रांतिकारी किसान कमेटी (केकेसी) और क्रांतिकारी जन कमेटी (केजेसी) पर प्रतिबंध की अवधि को बढ़ाया गया है। गृह विभाग की अपर सचिव मनीषा सेंतिया के आदेश के अनुसार अब यह प्रतिबंध 18 नवंबर 2025 से प्रभावी माना जाएगा और 18 नवंबर 2026 तक लागू रहेगा। राज्य सरकार का मानना है कि ये संगठन समाज में अस्थिरता पैदा करने और हिंसक गतिविधियों को बढ़ावा देने में लिप्त रहे हैं। हालांकि हाल के महीनों में मध्यप्रदेश को नक्सल मुक्त घोषित किया गया है, लेकिन एहतियात के तौर पर और इन संगठनों के नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त रखने के लिए कानूनी प्रतिबंध को जारी रखना आवश्यक माना गया है।

स्मिता भारद्वाज के रिटायर होने पर सचिन सिन्हा बनेंगे एसीएस
प्रमुख सचिव स्तर के आईएएस अधिकारी सचिन सिन्हा 1 अप्रैल को अपर मुख्य सचिव (एसीएस) बन जाएंगे। वे वर्तमान में प्रशासन अकादमी में पदस्थ हैं। 31 मार्च को माध्यमिक शिक्षा मंडल की अध्यक्ष और एसीएस स्मिता भारद्वाज रिटायर हो रही हैं। उनके रिटायर होने पर सचिन सिन्हा का एसीएस रैंक में प्रमोशन होगा। स्मिता भारद्वाज के अलावा इस साल मई माह में प्रतिनियुक्ति पर दिल्ली में तैनात राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग की सचिव अलका उपाध्याय, जून माह में खादी ग्रामोद्योग के महाप्रबंधक माल सिंह भयडिया, अगस्त माह में पशुपालन विभाग के प्रमुख सचिव उमाकांत उमराव, जबकि अक्टूबर माह में केंद्रीय गृह मंत्रालय में पदस्थ एसीएस स्तर के अफसर आशीष श्रीवास्तव एवं लोकायुक्त संगठन की सचिव अरुणा गुप्ता भी रिटायर हो जाएंगी।
पांचवीं एवं आठवीं का परीक्षा परिणाम आज होगा घोषित
राज्य शिक्षा केन्द्र, द्वारा कक्षा 5वीं एवं 8वीं का परीक्षा परिणाम घोषित किया जाएगा। विद्यार्थी सुबह 11.30 बजे से अपना परीक्षा परिणाम विभाग के पोर्टल पर देख सकेंगे। राज्य शिक्षा केंद्र से मिली जानकारी अनुसार 25 मार्च को परीक्षा परिणाम घोषणा की प्रक्रिया सुबह 11 बजे से राज्य शिक्षा केन्द्र कार्यालय के सभाकक्ष में संचालित की जाएगी। इसके बाद सुबह 11.30 बजे परीक्षा परिणाम पोर्टल पर जारी किया जाएगा।
प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में आज व कल होंगे इंटरव्यू
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के मीडिया विभाग द्वारा संचालित टैलेंट हर प्रोग्राम के अंतर्गत मप्र कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में टैलेंट हंट के तहत आवेदन करने वाले युवाओं के इंटरव्यू मंगलवार से शुरू हो गए। इसके प्रथम चरण में मंगलवार को जिला कांग्रेस कार्यालय ग्वालियर में ग्वालियर-चंबल संभाग के आवेदकों के इंटरव्यू हुए। भोपाल स्थित प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में बुधवार सुबह 10 बजे से भोपाल संभाग के आवेदकों के और गुरुवार को सागर संभाग के आवेदकों के साक्षात्कार होंगे। द्वितीय चरण में इंदौर, रीवा एवं जबलपुर मुख्यालय पर आयोजित होने वाले साक्षात्कारों की तारीखें जल्द घोषित की जाएंगी। मप्र कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक ने कहा कि ग्वालियर में बड़ी संख्या में युवा इंटरव्यू देने पहुंचे।
