
भारतीय क्रिकेट टीम को मिलेंगे 131 करोड़ रुपये, बीसीसीआई ने किया ऐलान
बीसीसीआई ने भारतीय क्रिकेट टीम के टी20 विश्व कप 2026 का खिताब जीतने के बाद उन्हें 131 करोड़ रुपये इनामी राशि के तौर पर देने का ऐलान किया है। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए फाइनल मैच में सूर्या की कप्तानी वाली भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड को 96 रन से मात दी और रिकॉर्ड तीसरी बार टी20 विश्व कप का टाइटल अपने नाम किया। ये इनामी राशि साल 2024 की विश्व विजेता टीम इंडिया की तुलना में 6 करोड़ रुपये ज्यादा रहा। इस बीच पूर्व भारतीय स्पिनर हरभजन सिंह का मानना है कि ये इनामी राशि और ज्यादा होनी चाहिए थे और वो ज्यादा की उम्मीद कर रहे थे। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने आईसीसी मेंस टी20 वल्र्ड कप 2026 में विजयी अभियान के बाद टीम इंडिया के लिए 131 करोड़ रुपये की इनामी राशि देने का एलान किया। बोर्ड ने अपने बयान में कहा, बीसीसीआई खिलाडिय़ों, सपोर्ट स्टाफ और चयनकर्ताओं को इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर एक बार फिर बधाई देता है और भविष्य में उन्हें लगातार सफलता की शुभकामनाएं देता है। टी20 वल्र्ड कप 2026 का खिताब जीतने के बाद, भारत पहली टीम बन गई है जिसने लगातार दो बार टी20 वल्र्ड कप का खिताब अपने नाम किया है। वे पहली टीम भी बन गए हैं जिन्होंने घरेलू मैदान पर इस खिताब को जीता है।
पत्नी की हत्या कर फरार हुआ भारतीय, 10 साल से है मोस्ट वांटेड
अमेरिका की संघीय जांच एजेंसी (एफबीआई) ने 2015 में अपनी पत्नी की हत्या के आरोप में फरार भारतीय नागरिक भद्रेश कुमार चेतनभाई पटेल की गिरफ्तारी के लिए इनाम की राशि बढ़ाकर 10 लाख डॉलर (करीब नौ करोड़ रुपये) कर दी है। इससे पहले इस मामले में सूचना देने पर 2.5 लाख डॉलर तक का इनाम घोषित था। 35 वर्षीय भद्रेश कुमार पटेल को एफबीआई की टेन मोस्ट वांटेड फ्यूजिटिव्स सूची में शामिल किया गया है। एजेंसी का मानना है कि वह अभी भी फरार है और बेहद खतरनाक हो सकता है। जांच एजेंसियों के अनुसार यह घटना 12 अप्रैल 2015 को अमेरिका के मैरीलैंड राज्य के हैनोवर शहर में हुई थी। उस समय पटेल और उनकी पत्नी पलाक पटेल एक डोनट शॉप में काम करते थे। आरोप है कि देर रात काम के दौरान पटेल ने दुकान के पिछले कमरे में अपनी 21 वर्षीय पत्नी पर किसी भारी वस्तु से कई बार हमला किया, जिससे उसकी मौत हो गई। एफबीआई के मुताबिक हत्या के बाद पटेल दुकान के पिछले दरवाजे से फरार हो गया। इसके बाद वह सडक़ पार कर उस अपार्टमेंट में गया, जहां वह अपनी पत्नी के साथ रहता था।
ग्रेटर नोएडा वेस्ट में एमबीए छात्रा ने 13वीं मंजिल से छलांग लगाकर दी जान
ग्रेटर नोएडा वेस्ट के स्थित गौड़ सौन्दर्यम सोसाइटी में मंगलवार को एमबीए की छात्रा ने फ्लैट की बालकनी की 13वीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान शिविका ठकराल (25) के रूप में हुई है। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची बिसरख कोतवाली पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करा मामले की जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार विनय ठकराल परिवार के साथ शेरोन टावर गौर सौंदर्यम सोसाइटी में रहते हैं। उनकी पुत्री मोहाली से एमबीए की पढ़ाई कर रही थी। साथ ही मोहाली में नौकरी भी करती थी। वह होली की छुट्टी पर घर आई थी। सोमवार रात सभी लोग खाना खाकर अपने अपने कमरे में सो गए थे। मंगलवार सुबह उन्हें गार्डों के माध्यम से जानकारी मिली कि पुत्री शिविका ठकराल ने आत्महत्या कर ली है। वहीं घटना की जानकारी मिलते ही सोसाइटी में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस को घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।
पश्चिम एशिया संकट के बीच एअर इंडिया का फैसला, आज संचालित होंगी 58 उड़ानें
पश्चिम एशिया में बढ़ते सुरक्षा संकट के बीच एअर इंडिया समूह ने यात्रियों की सुविधा के लिए बड़ा फैसला लिया है। एअर इंडिया और एअर इंडिया एक्सप्रेस ने 11 मार्च 2026 को पश्चिम एशिया क्षेत्र के लिए कुल 58 नियमित और गैर-नियमित उड़ानें संचालित करने की घोषणा की है। इन उड़ानों का उद्देश्य खाड़ी देशों में फंसे यात्रियों की आवाजाही को आसान बनाना और यात्रा सेवाओं को जारी रखना है। एयरलाइन ने बताया कि जेद्दा और मस्कट के लिए नियमित उड़ान सेवाएं जारी रहेंगी। दोनों एयरलाइनों की तरफ से जेद्दा के लिए कुल आठ उड़ानें संचालित की जाएंगी। वहीं एअर इंडिया एक्सप्रेस मस्कट के लिए 14 नियमित उड़ानें चलाएगी। इसके अलावा संयुक्त अरब अमीरात के लिए कई अतिरिक्त विशेष उड़ानें भी चलाई जाएंगी। एअर इंडिया 11 मार्च को दिल्ली और मुंबई से जेद्दा के लिए एक-एक राउंड ट्रिप उड़ान संचालित करेगा। वहीं, एअर इंडिया एक्सप्रेस हैदराबाद और कोझिकोड से जेद्दा के लिए एक-एक राउंड ट्रिप उड़ान चलाएगा।
