बिच्छू डॉट कॉम:टोटल रिकॉल/मेट्रोपोलिटन एरिया में शामिल होगा बडऩगर: सीएम

सीएम

मेट्रोपोलिटन एरिया में शामिल होगा बडऩगर: सीएम
उज्जैन जिले में आने वाला बडऩगर मेट्रोपोलिटन एरिया में शामिल होगा। शुक्रवार को यह घोषणा मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपने निवास पर आए बडऩगरवासियों के समक्ष की। उन्होंने कहा कि गौशालाओं को नरवाई प्रबंधन के अंश राशि दी जाएगी। सीएम ने कहा कि बडऩगर इंदौर-उज्जैन मेट्रोपोलिटन एरिया में शामिल होगा। नायीखेड़ी-नागदा-रतलाम मार्ग की स्वीकृति से बडऩगर के समग्र विकास के द्वार खुलेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शनिवार को मुख्यमंत्री निवास से सुबह 9 बजे क्वींस ऑन द व्हील्स के तीसरे संस्करण को फ्लैग ऑफ करेंगे। प्रदेश के समृद्ध व ऐतिहासिक पर्यटन गंतव्यों को देश-दुनिया में प्रचारित करने के उद्देश्य से 25 महिला सुपर बाइकर्स को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। महिला सशक्तिकरण, स्वतंत्रता एवं विरासत का यह 7 दिवसीय आयोजन भोपाल से खजुराहो तक लगभग 1,400 किलोमीटर लंबी बाइक ट्रेल को पूरा करेगा। सचिव पर्यटन और प्रबंध संचालक मध्य प्रदेश टूरिज्म बोर्ड डॉ. इलैयराजा टी ने बताया कि एमपी टूरिज्म बोर्ड की पहल क्वींस ऑन द व्हील्स केवल एक बाइक राइड नहीं, बल्कि महिला सशक्तिकरण, साहस और मध्यप्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक एवं पर्यटन धरोहर का उत्सव है।

एमएसपी पर गेहूं बेचने 10 मार्च तक होगा पंजीयन
प्रदेश सरकार ने तय किया है कि प्रदेश के किसानों से समर्थन मूल्य पर गेहूं का उपार्जन करने पंजीयन की तारीख बढ़ा दी गई है। अब 10 मार्च तक किसान अपने गेहूं का उपार्जन करने के लिए पंजीयन करा सकते हैं। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने बताया कि किसानों की सुविधा और हित को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा यह निर्णय लिया गया है। इससे अधिक से अधिक किसान अपना पंजीयन कराकर समर्थन मूल्य का लाभ प्राप्त कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि यह निर्णय प्रदेश के किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने बताया कि अब प्रदेश में गेहूं की खरीदी 2625 रुपए प्रति क्विंटल की दर से की जाएगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए लगातार ऐसे निर्णय ले रहे हैं, जिससे प्रदेश के अन्नदाता को सीधा लाभ मिल सके।

नाराज विधायक कालूहेड़ा ने देर रात सीएम व प्रदेशाध्यक्ष से की मुलाकात
उज्जैन में सडक़ चौड़ीकरण मामले में नाराज चल रहे उज्जैन उत्तर विधानसभा के विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा ने शुक्रवार देर रात सीएम डॉ. मोहन यादव और भाजपा प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल से मुलाकात की। इससे पहले कालूहेड़ा ने प्रदेशध्यक्ष खंडेलवाल और प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह से अलग से मुलाकात की थी, जहां नेताओं ने कालूहेड़ा को समझाइश दी। विधायक ने दोनों नेताओं को बताया कि रहवासियों की मांग है कि सडक़ को 24 मीटर के बजाय 18 मीटर तक ही चौड़ा किया जाए। इसके बाद रात में विधायक की भोपाल में नेताओं से हुई मुलाकात अहम मानी जा रही है। सीएम ने उन्हें उचित आश्वासन दिया है।

जून तक आएगा 250 करोड़ कीमत वाला सरकार का नया चैलेंजर विमान
मप्र सरकार का नया विमान जून तक कनाडा से आ जाएगा। शासन स्तर पर इसकी तैयारी लगभग हो गई है। यह कनाडा की बॉम्बार्डियर इंक कंपनी का है। चैलेंजर-3500 नामक विमान सुपर मिड साइज जेट एयरोप्लेन है, जो अत्याधुनिक एडवांस तकनीक से लैस है। इसकी खासियत है कि यह किसी भी मौसम में, दिन हो या रात, कभी भी उड़ान भर सकेगा। विमान की रफ्तार अच्छी है। यह पहला प्लेन है, जिसमें एडवांस वाइस कंट्रोल कैबिन मौजूद है। विमान विभाग का कहना है कि प्लेन 4850 फीट की ऊंचाई पर भी आसानी से उड़ सकेगा। इसकी एयर सर्कुलेशन की तकनीक केबिन को दो मिनट में ठंडा कर सकती है। विमान 10 सीटर होगा, जिसकी अधिकतम स्पीड 870 किलोमीटर प्रति घंटा होगी। अधिकतम 6297 किलोमीटर तक उड़ान भर सकेगा। यानी, मप्र से विमान बिना रुके जापान तक जा सकेगा। वर्तमान में इस कंपनी के देश में 30 से 40 विमान उड़ रहे हैं।

Related Articles