
अभिषेक मनु सिंघवी और फूलो देवी समेत कई नेताओं को मिला राज्यसभा का टिकट
कांग्रेस ने राज्यसभा की द्विवार्षिक चुनावों के लिए उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है। लिस्ट में कई बड़े और अनुभवी नाम शामिल हैं। पार्टी ने तेलंगाना से कांग्रेस ने दो नामों की घोषणा की है। पार्टी के वरिष्ठ नेता और सुप्रीम कोर्ट के जाने-माने वकील अभिषेक मनु सिंघवी को फिर से नामित किया गया है। सिंघवी पहले भी राज्य सभा सदस्य रह चुके हैं। दूसरे उम्मीदवार वेम नरेंद्र रेड्डी हैं। वह मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी के करीबी सलाहकार हैं। उनकी निकटता और राज्य में पार्टी की मजबूती को देखते हुए यह फैसला लिया गया है। दोनों उम्मीदवार 16 मार्च को होने वाले चुनाव में तेलंगाना की दो सीटों के लिए लड़ेंगे। पार्टी को उम्मीद है कि इन दोनों को आसानी से जीत मिलेगी। छत्तीसगढ़ से फूलो देवी नेताम को उम्मीदवार बनाया गया है। वे पार्टी की अनुभवी नेता हैं और राज्य में आदिवासी समुदाय के बीच उनकी अच्छी पकड़ मानी जाती है। उनकी उम्मीदवारी से पार्टी आदिवासी वोट बैंक को मजबूत करने की कोशिश कर रही है। हरियाणा से करमवीर सिंह बौद्ध को टिकट दिया गया है। वे दलित समुदाय से आते हैं और राज्य में पार्टी की संगठनात्मक मजबूती के लिए काम कर रहे हैं।
ईरान-इजरायल संघर्ष का असर, चार दिनों में 1500 उड़ानें रद्द, एडवाइजरी जारी
पश्चिम एशिया में जारी संकट ने हवाई यात्रा को चौथे दिन भी पूरी तरह से अस्त-व्यस्त कर रखा है। ईरान पर अमेरिका-इजरायल हमलों के बाद शुरू हुए इस बड़े उथल-पुथल ने इस क्षेत्र के कई देशों के एयरस्पेस को बंद करने पर मजबूर कर दिया है। इस वजह से लाखों यात्री फंस गए और हजारों उड़ानें रद्द करनी पड़ी हैं। भारत से लेकर खाड़ी देशों तक, एयरलाइंस अब विशेष उड़ानों के जरिए भारतीय नागरिकों को निकालने में जुटी हुई हैं। बुधवार को भी यह संकट जारी रहा और एयरलाइंस ने राहत उड़ानों की संख्या बढ़ा दी है। सिविल एविएशन मिनिस्ट्री के अनुसार, मंगलवार तक भारतीय एयरलाइंस की 1,221 अंतरराष्ट्रीय उड़ानें और विदेशी एयरलाइंस की 388 उड़ानें रद्द हो चुकी थीं। बुधवार को भारतीय एयरलाइंस ने 58 विशेष उड़ानें चलाने की योजना बनाई, जिसमें इंडिगो की 30 और एअर इंडिया और एअर इंडिया एक्सप्रेस की 23 उड़ानें शामिल हैं। इंडिगो इस संकट से सबसे ज्यादा प्रभावित एयरलाइंस में से एक है।
पहलगाम हमले में नया ट्विस्ट, आतंकी जांच में पहली बार चीन की मदद लेगा भारत
राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए ) पहलगाम हमले की जांच के लिए अब चीन तक पहुंच गई है। इस हमले की जांच के दौरान बरामद हुआ गोप्रो हीरो-12 ब्लैक कैमरा सबसे पहले चीन में ही एक्टिवेट हुआ था। एनआईए यह पता लगाना चाहती है कि कैमरा सबसे पहले किसने और कहां इस्तेमाल किया और यह पहलगाम हमले में लिप्त आतंकियों तक कैसे पहुंचा। कैमरे का इस्तेमाल कथित तौर पर हमले से पहले पहलगाम और उसके साथ सटे इलाकों की रेकी के लिए किया गया था। जम्मू स्थित एनआईए की विशेष अदालत ने इस मामले में चीन के सक्षम न्यायिक प्राधिकरण को लेटर रोगेटरी (अनुरोध पत्र) जारी करने के एनआईए के आग्रह को अनुमति दे दी है। यह पहला अवसर है जब जम्मू-कश्मीर में हुए किसी आतंकी हमले की जांच के सिलसिले में भारत सरकार चीन से सहयोग लेगी। यह अनुमति दो मार्च को जम्मू स्थित विशेष जज (एनआईए अदालत) प्रेम सागर ने दी थी। आदेश के अनुसार, पहलगाम हमले की जांच में शामिल एनआईए के डीआइजी संदीप चौधरी ने एक आवेदन किया था। इसमें जांच में मदद के लिए भारतीय विदेश मंत्रालय के जरिए अनुरोध पत्र जारी करने का आग्रह किया गया था।
पाकिस्तान-अफगान तनाव: जंग के बीच तुर्किये ने की मध्यस्थता की पेशकश
पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच सीमा पर जारी झड़पें अब छठे दिन में पहुंच गई हैं। इसके बाद भी दोनों तरफे से हमले जारी है। इसी बीच अब इस मामले में तुर्किये की एंट्री हुई है। तुर्की के राष्ट्रपति रेसेप तैयप एर्दोगन ने दोनों देशों के बीच नया युद्ध विराम कराने के लिए मध्यस्थता की पेशकश की है। बता दें कि संघर्ष की शुरुआत पिछले हफ्ते हुई, जब अफगानिस्तान ने गुरुवार को पाकिस्तान पर हमले किए। यह हमला पाकिस्तान द्वारा पिछले सप्ताहांत किए गए हवाई हमलों के जवाब में बताया गया। इसके बाद पाकिस्तान ने सीमा पर सैन्य अभियान शुरू कर दिया और कहा कि वह अफगानिस्तान के साथ खुले युद्ध जैसी स्थिति में है। इससे अंतरराष्ट्रीय समुदाय में चिंता बढ़ गई है। इससे पहले दोनों देशों के बीच अक्टूबर 2024 में कतर और तुर्की की मदद से युद्ध विराम हुआ था। उस समझौते के बाद इस्तांबुल में छह दिन तक बातचीत भी हुई और नवंबर में तीसरे दौर की वार्ता पर सहमति बनी थी।
