
भोपाल/बिच्छू डॉट कॉम। विश्व प्रसिद्ध खजुराहो नृत्य महोत्सव शुरू हो चुका है। हालांकि पहले ही दिन मंच पर ऐसी परिस्थिति बनी, जिसने दर्शकों को हैरान कर दिया। दरअसल, शुभारंभ समारोह में संस्कृति मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी भाषण देने मंच पर पहुंचे। समय शाम 6.30 बजे तय था, लेकिन मुख्य अतिथि और अन्य मंत्री देर से समारोह में पहुंचे। दर्शक दीर्घा में बैठे देसी और विदेशी पर्यटक लंबे समय तक इंतजार कर रहे थे। समारोह लगभग दो घंटे की देरी से शुरू हुआ, जिससे कई दर्शकों का धैर्य जवाब दे गया। दर्शकों ने रंग-बिरंगे नृत्यों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद लिया और उत्सव का स्वागत उत्साहपूर्वक किया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने करीब 16 मिनट तक अपना संबोधन दिया। जब संस्कृति मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी का भाषण शुरू हुआ, तो दर्शक बुरी तरह भडक़ गए। पर्यटकों को नृत्य का इंतजार था, लेकिन नेताओं के लंबे भाषणों ने उनका सब्र तोड़ दिया। देखते ही देखते सामने बैठी भीड़ गो बैक के नारे लगाने लगी और चारों तरफ से हो-हो का शोर सुनाई देने लगा। हैरानी की बात यह रही कि इतनी भारी हूटिंग के बावजूद मंत्री जी अपना भाषण देते रहे। वे करीब 6 मिनट तक बोले और अंत में जब शोर और बढ़ा, तो वे चार पंक्तियां सुनाने की जिद पर अड़ गए। दर्शकों की पीड़ा समझते हुए उन्होंने मंच से यह तो स्वीकार किया कि लोग कार्यक्रम देखने के लिए उत्सुक हैं, लेकिन फिर भी बिना अपनी कविता सुनाए और जयकारे लगवाए बगैर वे मंच से नीचे नहीं उतरे।
