– बजट में लंबी कनेक्टिविटी सडक़ों पर जोर

गौरव चौहान
मप्र सरकार के वर्ष 2026-27 के बजट में राजधानी भोपाल को अधोसंरचना और शहरी विकास के मोर्चे पर बड़ी मजबूती मिलने जा रही है। सरकार ने मेट्रो रेल, सडक़ों के उन्नयन, अस्पताल भवनों और आवास योजनाओं के लिए अहम प्रावधान किए हैं, जिनका सीधा लाभ राजधानी को मिलेगा। बजट में ग्रामीण और जिला सडक़ों के निर्माण व उन्नयन के लिए 2968 करोड़, बड़े पुलों के निर्माण हेतु 1223 करोड़ और सडक़ों के सुदृढ़ीकरण के लिए 756 करोड़ का प्रावधान किया गया है। राजधानी होने के कारण भोपाल के आउटर रिंग रोड, लिंक रोड और नए कनेक्टिविटी प्रोजेक्ट्स को इसका लाभ मिलने की संभावना है। बजट में भोपाल को 18 सडक़ें मिली हैं। इनमें 8 शहर और 10 ग्रामीण क्षेत्रों की सडक़ें शामिल हैं। हालांकि, पिछले बजट में भोपाल को 41 सडक़ें मिली थीं। इस हिसाब से अबकी बार आधी सडक़ें ही भोपाल को मिली है।
सरकार ने भोपाल में जिन 18 सडक़ों को मंजूरी दी है। इन पर कुल 143.4 करोड़ रुपए खर्च होंगे। पिछली बार 41 सडक़ें और 3 फ्लाईओवर मंजूर किए गए थे। वहीं, शहर के लगभग हर इलाके और ग्रामीण क्षेत्र की सडक़ों के निर्माण के लिए टोकन राशि बजट में रखी गई थी। इनकी अनुमानित लागत 447.21 करोड़ रुपए थी। यानी इस बार बजट में करीब 195 करोड़ की कमी आई है। पिछले बजट में शैतान सिंह तिराहे से कोलार मेन रोड को जोडऩे वाली सडक़ और बावडिय़ा के प्रस्तावित नए आरओबी की एप्रोच रोड बनाने का प्रावधान था। हालांकि, एक साल में यह काम नहीं हो सका है। इस बार साकेत नगर, करोंद क्षेत्र (शिवनगर, जनता कॉलोनी, राजवंश कॉलोनी), भेल क्षेत्र (बरखेड़ा पठानी, लहारपुर), दानिश नगर, पीपल चौराहा, पुरुषोत्तम नगर, साईंराम नगर और दुर्गा नगर की सडक़ों का निर्माण और उन्नयन किया जाएगा। हालांकि, इनकी अलग राशि का उल्लेख नहीं है।
कनेक्टिविटी सडक़ों पर जोर
इस बार रणनीति बदली गई है। अब आंतरिक सुधार के बजाय शहर और ग्रामीण बेल्ट को जोडऩे वाली लंबी कनेक्टिविटी सडक़ों पर जोर दिया गया है। कुल 23 सडक़ें बनेंगी और सुधरेंगी, जिनकी लंबाई 126.90 किमी होगी। ब्लैक स्पॉट सुधार के लिए अलग से 2.73 करोड़ रुपए का प्रावधान है। बजट में फ्लाईओवर का एक भी प्रोजेक्ट नहीं है। सबसे बड़ी परियोजना 35 किलोमीटर का रूरल कनेक्टिंग कॉरिडोर है। यह फंदा कलां से समसगढ़ (जैन मंदिर) होते हुए अलग-अलग गांवों को जोडऩे वाली 35 किमी सडक़ पर 70 करोड़ रुपए खर्च होंगे। भोपाल के बजट की सबसे बड़ी परियोजना है। दूसरी बड़ी योजना एनएच-356 से गंगापिपलिया, जूनापानी, कलारा, गुनगा, दुपाडिया होते हुए स्टेट हाइवे-10 तक 25 किमी मार्ग की है। इस पर 60 करोड़ रुपए खर्च होंगे। दोनों सडक़ों से ग्रामीण क्षेत्र सीधे हाईवे से जुड़ेंगे। वहीं ग्रामीण और बाहरी क्षेत्रों को जोडऩे के लिए 12 सडक़ों का निर्माण किया जाएगा। इनमें तारा सेवनिया, गुनगा, फंदाकलां, समसगढ़, गंगा पिपलिया और झागरिया सरवर सहित कई प्रमुख मार्ग शामिल हैं। इसके अलावा टीलाखेड़ी-देहरिया कला-झागरिया सरवर (10 किमी), तारा सेवनिया-गुराडिया-पृथ्वीपुरा मार्ग (9 किमी), अमझरा-पडरिया जाट मार्ग (3.20 किमी) तथा गुनगा से गरोठिया मार्ग के मजबूतीकरण जैसे कार्य भी शामिल हैं। ग्राम अकिंया-बरखेड़ा-डोगरगांव बहरावल मार्ग पर छूटा हुआ हिस्सा और वृहद पुल निर्माण के लिए 17.58 करोड़ रुपए स्वीकृत किए गए हैं।
भोपाल में इन 18 सडक़ों को मंजूरी
भोपाल में बरखेड़ीकलां से बरखेड़ीखुर्द तक 2 किमी सडक़ 8 करोड़ रुपए से बनेगी।
गौरागांव से वास्तु विहार कॉलोनी के 4.50 किमी आंतरिक मार्ग 7.63 करोड़ रुपए से बनेंगे।
डीएम स्कूल बरखेड़ा पठानी से भेल सीवेज प्लांट व्हाया लहारपुर तक 3 किमी मार्ग बनाया जाएगा। इसमें 5 करोड़ रुपए खर्च होंगे।
एम्स अस्पताल से डीआरएम पहुंच 1 किमी मार्ग 2 करोड़ रुपए से बनेगा।
सागर पब्लिक स्कूल साकेत नगर से 9 एबीडीए कॉम्पलेक्स तक 1 किमी सडक़ 3 करोड़ रुपए से बनाई जाएगी।
गैलेक्सी टॉवर से विक्रोय कॉलोनी तक आधा किमी सीमेंट क्रांकीट सडक़ 3 करोड़ रुपए से बनेगी।
भेल संगम, रजत विहार-दानिश नगर पहुंच तक 1 किमी मार्ग 3.87 करोड़ रुपए से बनेगा।
डोबरा से गांधी नगर तक 2 किमी सडक़ 2 करोड रुपए से बनेगी।
टीलाखेड़ी, देहरीकलां से झागरिया सरवर 10 किमी मार्ग 10 करोड़ रुपए से तैयार होगा।
कुराना का 1.20 किमी मार्ग 2.40 करोड़ रुपए में बनेगा।
तारा सेवनिया, गुराडिया, पृथ्वीपुरा, मन्नीखेड़ा, खेजड़ा देव 9 किमी मार्ग बनेगा। इसकी लागत 16 करोड़ रुपए आएगी।
गुनगा से गरोठिया तक 2 किमी मार्ग का मजबूतीकरण कार्य 2.50 करोड़ रुपए से होगा।
खारपा गांव में आधा किमी मार्ग 1 करोड़ रुपए से बनेगा।
अमझरा से पड़रिया जाट मार्ग 3.20 किमी बनाया जाएगा। लागत 4.50 करोड़ रुपए आएगी।
बावडिय़ाकलां रेलवे फाटक से बावडिय़ा गांव तक डेढ़ किमी सडक़ 3 करोड़ रुपए से बनेगी।
पिपलिया धाकड़ से फंदाखुर्द मार्ग में पुल-पुलियाओं का मजबूतीकरण डेढ़ करोड़ रुपए से होगा।
एनएच-356 से गंगा पपलिया से जूना पानी कलारा कल्याणपुर मुंडला, झागरियाखुर्द, आमला, समसपुर एवं खारी से लीलाखेड़ी तक 35 किमी सडक़ 70 करोड़ रुपए से बनेगी।
भोपाल बाईपास से डोबरा, कोठार, धर्मा, नलखेड़ा, खजूरिया, रामदास बैरसिया मार्ग 44 किमी का संधारण भी होगा
