धार जिला प्रदेश का सबसे बड़ा निर्यातक बनकर उभरा

धार जिला प्रदेश

भोपाल/बिच्छू डॉट कॉम। मध्यप्रदेश में जिला स्तर पर निर्यात गतिविधियों में तेजी देखने को मिल रही है। आर्थिक सर्वेक्षण 2025-26 के अनुसार वित्त वर्ष 2024-25 (अक्टूबर 2024 तक) के दौरान धार जिला प्रदेश का सबसे बड़ा निर्यातक बनकर उभरा, जहां से 17,830.40 करोड़ रुपये का निर्यात हुआ। इसके बाद इंदौर दूसरे स्थान पर रहा, जहां से 13,500.23 करोड़ रुपये का निर्यात हुआ। यह वहां के मजबूत औद्योगिक क्लस्टर की मजबूती को दर्शाता है। वहीं प्रदेश की राजधानी भोपाल निर्यात के मामले में 9वें स्थान पर है। रिपोर्ट के मुताबिक यहां 1631.50 करोड़ का निर्यात हुआ है।

निर्यात के मामले में राजधानी रतलाम के बाद सबसे ज्यादा पिछड़ा हुआ है। रिपोर्ट में कहा गया है कि रायसेन, सिंगरौली, सीहोर और देवास जैसे जिलों का प्रमुख निर्यातकों में शामिल होना यह संकेत देता है कि निर्यात गतिविधियां अब केवल बड़े शहरी केंद्रों तक सीमित नहीं रहीं। स्थानीय संसाधनों और औद्योगिक ताकत के आधार पर अन्य जिलों में भी निर्यात तेजी से बढ़ रहा है। इनमें रतलाम शीर्ष-10 जिलों में सबसे कम निर्यात वाला जिला रहा, जिससे यहां लक्षित प्रयासों के जरिए निर्यात बढ़ाने की संभावना दिखती है। विशेषज्ञों के अनुसार यह जिला-वार वितरण प्रदेश में विकेंद्रीकृत निर्यात व्यवस्था को दर्शाता है। इससे जिला स्तर पर औद्योगिक विकास, रोजगार सृजन और संतुलित क्षेत्रीय विकास को मजबूती मिलने की उम्मीद है। समग्र रूप से, आंकड़े बताते हैं कि मध्यप्रदेश का निर्यात आधार धीरे-धीरे व्यापक हो रहा है और अधिक जिलों की भागीदारी से प्रदेश की अर्थव्यवस्था को नई गति मिल रही है।

Related Articles