
मुख्यमंत्री ने कराया गरीब परिवार की समस्या का निदान
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने इंदौर के एक गरीब परिवार की समस्याओं का त्वरित समाधान कराया है। उन्होंने इंदौर में दिनेश प्रजापत एवं उनकी माता रामप्यारी बाई की विषम परिस्थितियों को देखते हुए पेंशन और उनके उपचार से संबंधित प्रकरणों को संज्ञान में लिया। डॉ यादव ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित कर त्वरित केवायसी करवाकर पेंशन प्रक्रिया शुरू कराई। अरविंदो अस्पताल में रामप्यारी के समुचित उपचार की व्यवस्था कराई। मुख्यमंत्री ने परिवार को आर्थिक सहायता प्रदान करने के निर्देश भी दिए।
विधायक के भाई की गुंडागर्दी पर पटवारी मौन क्यों: आशीष
धार के डही में शराब दुकान से खुलेआम शराब लूटने के मामले में कांग्रेस विधायक सुरेन्द्र सिंह हनी बघेल के चचेरे भाई अर्जुन सिंह बघेल और उनके चार साथियों का वीडियो वायरल होने के बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी की चुप्पी पर भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल ने सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा है कि यह नेतृत्व की नाकामी है या फिर अपराधियों को जानबूझकर मौन संरक्षण दिया जा रहा है। भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी ने एक्स पर लिख है कि मध्यप्रदेश कांग्रेस के नेता मंच से संविधान, कानून और नैतिकता का ढोंग रचते हैं लेकिन जमीनी सच्चाई यह है कि उनके ही विधायक का भाई खुद को कानून से ऊपर समझकर खुलेआम गुंडागर्दी कर रहा है। मामला सामने आने के बाद भी प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी की चुप्पी संयोग नहीं संकेत है।
कार्यभार संभालकर परिवहन आयुक्त जोगा ने ली बैठक, बोले-बॉडी वार्न कैमरा लगाकर करें चेकिंग
मध्यप्रदेश के नए परिवहन आयुक्त उमेश जोगा ने कार्यभार संभाल लिया है। कार्यभार संभालने के बाद उन्होंने चेकिंग प्रभारियों, प्रवर्तन अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने सभी अफसरों को जांच के दौरान बॉडी वार्न कैमरों का उपयोग अनिवार्य रुप से करने के निर्देश दिए हैं। भारतीय पुलिस सेवा के 1997 बैच के आईपीएस उमेश जोगा ने परिवहन विभाग के कैंप आफिस में कार्यभार संभाला। उप परिवहन आयुक्त किरण शर्मा ने पुष्पगुच्छ देकर उनका स्वागत किया और इसके बाद जोगा ने विधिवत कार्यभार संभाला। कार्यभार संभालने के बाद उन्होंने परिवहन आयुक्त कार्यालय के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से परिचय प्राप्त किया। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि चेकिंग के दौरान नियम प्रक्रियाओं का पालन किया जाए। बॉडी वार्न कैमरे लगाकर ही जांच की जाए। कल से आयुक्त विभाग में अलग-अलग काम देखने वाले अधिकारियों के साथ बैठकें करेंगे।
आरक्षक जवानों की भर्ती का फैसला 23 से से होगा फिजिकल परीक्षण फिजिकल टेस्ट के लिए 10 जिलों में बनेंगे कैंप
पुलिस आरक्षक के 7500 पदों के लिए हुई परीक्षा के लिए अब 23 फरवरी से फिजिकल टेस्ट शुरू होने जा रहे हैं। पुलिस मुख्यालय ने इसके लिए प्रदेश के दस शहरों में स्थानों का चयन किया है जहां भर्ती परीक्षा में चयनित उम्मीदवारों को परीक्षा के लिए हाजिर होना पड़ेगा। इस दौरान चयनित उम्मीदवारों को दौड़, लंबी कूद और गोला फेंक में अपनी दक्षता साबित करना होगी। आरक्षक जीडी के 7500 पदों पर भर्ती के लिए कर्मचारी चयन मंडल ने 30 अक्टूबर से 15 दिसंबर 2025 कराई गई थी। परीक्षा के रिजल्ट पिछले महीने जनवरी में घोषित किए गए। चयनित उम्मीदवारों का अब फिजिकल टेस्ट होना है, जो 23 फरवरी से 13 मार्च के बीच में होगा। इसमें उम्मीदवारों को 800 मीटर दौड़, लंबी कूद और गोला फेंक तथा दस्तावेजों का परीक्षण होगा।
