
हाईकोर्ट की युगलपीठ से भोपाल निगम कमिश्नर को मिली राहत
भोपाल नगर निगम कमिश्नर संस्कृति जैन को शुक्रवार को राहत मिल गई। हाईकोर्ट की डिवीजन बेंच ने सिंगल बैच के उस फैसले पर अंतरिम रोक लगा दी, जिसमें उन्हें अदालत की अवमानना का दोषी करार देते हुए सजा सुनाने की तैयारी की गई थी। अब कमिश्नर के खिलाफ फिलहाल कोई दंडात्मक कार्रवाई नहीं होगी। मामले की अगली सुनवाई 18 फरवरी को होगी। मामला श्यामला हिल्स स्थित नादिर कॉलोनी में मार्लिन बिल्डकॉन प्राइवेट लिमिटेड की संपत्ति पर की गई तोडफ़ोड़ से जुड़ा है। जस्टिस विशाल मिश्रा की एकलपीठ ने गुरुवार को इस मामले पर सुनवाई के दौरान नगर निगम की कार्रवाई को सुप्रीम कोर्ट की गाइडलाइन का उल्लंघन माना था। एकलपीठ के इस आदेश पर शुक्रवार को डबल बैंच ने स्टे दे दिया। जस्टिस विशाल मिश्रा की एकलपीठ ने गुरुवार को सुनवाई के दौरान पूछा था कि जब मामला सिविल कोर्ट में लंबित था, तब निगम प्रशासन ने बिना अनुमति निर्माण को कैसे ढहा दिया। इसका कोई जवाब निगम के अफसरों के पास नहीं था। इस दौरान कमिश्नर खुद भी कोर्ट में मौजूद थीं।
प्रदेश के दो आईपीएस अफसर केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर जाएंगे
आईपीएस अफसर मृगाखी डेका और अभिनव चौक से केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर जाएंगे। प्रदेश के गृह विभाग ने शुक्रवार को दोनों अफसरों की सेवाएं गृह मंत्रालय को सौंप दी है। 2018 बैच के आईपीएस अधिकारी अभिनव चौकसे फिलहाल भोपाल कमिश्नरेट के जोन 3 में डीसीपी हैं। इसके अलावा मृगाखी डेका भी इसी बैच की आईपीएस हैं। उन्हें पिछले साल अगस्त में नरसिंहपुर एसपी के पद से हटाकर पीएचक्यू एआईजी बनाया गया था। मृमुखि डेका मूल रूप से असम कैडर की आईपीएस थीं और 2022 में उनकी सेवाएं एमपी कैडर में ट्रांसफर की गई थीं। ये दोनों अधिकारी इंटेलिजेंस ब्यूरो में सहायक निदेशक के पद पर नियुक्त किए गए हैं।
विधायक के चचेरे भाई ने खड़े होकर लुटवाई शराब
जिले की कुक्षी विधानसभा सीट से कांग्रेस विधायक सुरेंद्र सिंह उर्फ हनी बघेल के चचेरे भाई की कथित गुंडागर्दी का एक मामला सामने आया है। दरअसल सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में विधायक का चचेरा भाई खड़े होकर खुछ डेही शराब दुकान से शराब की बोतलें लुटवाते दिख रहा है। वहीं विधायक के चचेरे भाई की गुंडागर्दी के आगे शराब दुकान के कर्मचारी लाचार दिख रहे हैं और हाथ जोड़ रहे हैं। वीडियो शराब दुकान में लगे सीसीटीवी का बताया जा रहा है, जिसकी जागरण पुष्टि नहीं करता है। जो वीडियो सामने आया है वह डही शराब दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे का है। इसमें शराब दुकान के बाहर विधायक के चचेरे भाई अर्जुन बघेल में साथियों के साथ खड़े दिख रहे हैं। वीडियो देखने में ऐसा लग रहा है कि पहले विधायक के चचेरे भाई व साथियों की शराब दुकान के कर्मचारियों से किसी बात पर बहस हुई और फिर इसके बाद विधायक के चचेरे भाई अर्जुन बघेल का एक साथी जबरदस्ती दुकान के अंदर घुसता है और शराब की बोतलें उठाकर बाहर निकल आता है।
सीहोर में आज राष्ट्रीय सम्मेलन आठ राज्यों के कृषि मंत्री आएंगे
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान की उपस्थिति में सीहोर जिले के अमलाहा स्थित खाद्य दलहन अनुसंधान केंद्र में 7 फरवरी को सुबह 10.45 बजे दलहन आत्मनिर्भरता राष्ट्रीय मिशन अंतर्गत राष्ट्रीय परामर्श एवं रणनीति सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। सम्मेलन में उत्पादन एवं उत्पादकता से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर गहन विचार-विमर्श होगा। दलहन क्षेत्र की मूल संवेदनाओं, वर्तमान चुनौतियों तथा भविष्य की संभावनाओं पर विस्तृत चर्चा की जाएगी। सम्मेलन में देश के प्रमुख दलहन उत्पादक 8 राज्यों के कृषि मंत्री, वरिष्ठ अधिकारी, दलहन अनुसंधान से जुड़े वैज्ञानिक, सरकारी बीज उत्पादक संस्थाएं, दाल उद्योग से संबंधित प्रतिनिधि एवं अन्य सहयोगी एजेंसियां हिस्सा लेंगी। कृषि मंत्री एदल सिंह कंषाना ने बताया कि सम्मेलन में दलहन उत्पादन को सुदृढ़ करने, किसानों की आय बढ़ाने और उन्नत तकनीकों के माध्यम से उत्पादकता सुधार पर अपने विचार साझा किए जाएंगे।
