
क्रिकेट के 73 नियम बदले, एक अक्टूबर से होंगे लागू
क्रिकेट के 73 नियम बदल दिए हैं। इनमें टेस्ट मैच में दिन के आखिरी ओवर में विकेट गिरने पर पूरा ओवर खेलना अनिवार्य कर दिया गया है। डेड बॉल, ओवरथ्रो, बाउंड्री पर लिए जाने वाले कैच, विकेटकीपर की पोजीशन जैसे कई नियम बदले गए हैं। लेमिनेटेड बैट को सशर्त मंजूरी दी गई है। नए नियम 1 अक्टूबर 2026 से लागू होंगे। 2022 के बाद नियमों में यह सबसे बड़ा बदलाव है। क्रिकेट नियम बनाने वाले मेरिलबोन क्रिकेट क्लब ने अपनी वेबसाइट पर बताया कि टेस्ट मैचों में दिन का आखिरी ओवर अब हर हाल में पूरा कराया जाएगा। ऐसा न होने से खेल का रोमांच कम हो जाता है। ‘यह अनुचित माना गया कि अगर दिन के अंतिम ओवर में गेंदबाजी कर रही टीम विकेट लेती है, तो बल्लेबाजी टीम को नया बल्लेबाज भेजने की जरूरत नहीं पड़ती। एमसीसी ने ओवरथ्रो और मिसफील्ड के बीच के अंतर को स्पष्ट कर दिया है। अब ओवरथ्रो सिर्फ तभी माना जाएगा, जब कोई फील्डर विकेट पर गेंद फेंकता है और वह गेंद आगे निकल जाती है। अगर फील्डर बाउंड्री के पास गेंद रोकने की कोशिश करता है और गेंद हाथ से फिसलकर निकल जाती है, तो उसे ओवरथ्रो नहीं, बल्कि मिसफील्ड कहा जाएगा। अब ‘डेड बॉल’ के लिए यह जरूरी नहीं है कि गेंद गेंदबाज या विकेटकीपर के हाथ में ही हो। अगर गेंद किसी भी फील्डर के पास आ गई हो या मैदान पर रुक गई हो और अंपायर को लगे कि अब बल्लेबाज रन नहीं ले सकता, तो वह गेंद को डेड बॉल घोषित कर सकता है।
नेपाल से इस्तांबुल जा रही तुर्किश एयरलाइंस के इंजन में लगी आग
तुर्की एयरलाइंस का एक यात्री विमान एक बड़े हवाई हादसे से बाल-बाल बच गया। इंजन में आग लगने के बाद बुधवार को फ्लाइट की कोलकाता हवाई अड्डे पर आपातकालीन लैंडिंग करनी पड़ी। विमान में 236 यात्री सवार थे। हालांकि सभी यात्री पूरी तरह से सुरक्षित हैं। टर्किश एयरलाइंस की फ्लाइट टीएचवाई-727 नेपाल के काठमांडू से तुर्की के इस्तांबुल के लिए रवाना हुई थी। जब विमान कोलकाता के हवाई क्षेत्र में था, तब पायलट ने देखा कि इंजन के एक हिस्से में आग लग गई है। आनन-फानन में पायलट ने तुरंत कोलकाता एयर ट्रैफिक कंट्रोल से संपर्क किया। यह घटना दोपहर 1:28 बजे विमान के उड़ान भरने के महज चार मिनट बाद घटी। कोलकाता एटीसी से हरी झंडी मिलते ही विमान को बेहद सावधानी के साथ रनवे पर उतारा गया। फायर ब्रिगेड की टीम और आपातकालीन सेवाएं पहले से ही हवाई अड्डे पर तैयार थीं। विमान के सुरक्षित उतरने के बाद यात्रियों को बाहर निकाला गया। इस बात की जांच की जा रही है कि आग किसी यांत्रिक खराबी के कारण लगी थी या नहीं।
गुफा में छिपे दो आतंकी, सेना ने ग्रेनेड से उड़ाया… टॉप कमांडर रुबानी भी मारा गया
जम्मू-कश्मीर के उधमपुर में बुधवार को सुरक्षाबलों ने जैश-ए-मोहम्मद के दो पाकिस्तानी आतंकवादियों को मार गिराया। दोनों आतंकवादी गुफा में छिपे हुए थे। सेना ने गुफा को ग्रेनेड से विस्फोट कर उड़ा दिया। एनकाउंटर का वीडियो भी सामने आया है। इसके बाद एक आतंकवादी का शव गुफा के बाहर था, जबकि दूसरे आतंकी का शव गुफा के अंदर काफी गहराई में मिला। इस ऑपरेशन में जैस का टॉप कमांडर रुबानी उर्फ अबू माविया भी मारा गया। वो इलाके में कई साल से सक्रिय था। मुठभेड़ मंगलवार को शाम 4 बजे शुरू हुई थी। सुरक्षा बलों ने आतंकवादियों के पास से एम 4 कार्बाइन, एके-47 असॉल्ट राइफल और भारी मात्रा में गोला-बारूद बरामद किया है। यह मुठभेड़ करीब 20 घंटे चली। व्हाइट नाइट कोर ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि सीआईएफ डेल्टा, जम्मू पुलिस और सीआरपीएफ का यह संयुक्त आपरेशन था। इसके तहत इलाके की घेराबंदी की गई। इसे ऑपरेशन ‘किया’ नाम दिया गया था। सेना रातभर गुफा में दोनों को घेर कर रखा।
मस्क अब बने इतिहास के सबसे अमीर इंसान, एक दिन में सात लाख करोड़ रुपए बढ़े
दुनिया के सबसे अमीर शख्स इलॉन मस्क की कुल संपत्ति 850 बिलियन डॉलर (77 लाख करोड़ रुपए) का आंकड़ा पार कर गई है। एक दिन में उनकी नेटवर्थ में 84 बिलियन डॉलर (7 लाख करोड़ रुपए) का इजाफा हुआ है। फोर्ब्स के मुताबिक मस्क अब इतिहास के सबसे अमीर व्यक्ति बन गए हैं। मस्क की संपत्ति में यह बढ़ोतरी उनकी रॉकेट बनाने वाली कंपनी स्पेसएक्स और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस स्टार्टअप एक्सएआई के मर्जर की वजह से हुई है। सिर्फ 4 महीने में मस्क की नेटवर्थ 70 फीसदी बढ़ गई है। अक्टूबर 2025 में यह 500 बिलियन डॉलर पर पहुंची थी। अब उनकी नेटवर्थ पाकिस्तान, श्रीलंका, बांग्लादेश और नेपाल की जीडीपी से ज्यादा है। ये भारत के टॉप 40 सबसे अमीरों की कुल वेल्थ से भी ज्यादा है। मस्क और दुनिया के दूसरे सबसे अमीर व्यक्ति के बीच का फासला तीन गुण से ज्यादा बढ़ा है। गूगल के को-फाउंडर लैरी पेज $281 बिलियन की नेटवर्थ के साथ दूसरे नंबर पर हैं। मस्क उनसे $578 बिलियन ज्यादा अमीर हैं।
