10वीं-12वीं की परीक्षा में कोई भी प्राइवेट स्कूल का शिक्षक ड्यूटी नहीं करेगा

भोपाल/बिच्छू डॉट कॉम
राजधानी में परीक्षा तैयारियों के लिए अफसरों ने जायजा लिया है। भोपाल में एक सैकड़ा से अधिक केंद्र बोर्ड परीक्षाओं के लिए निर्धारित किए हैं। इस बार एक भी प्राइवेट स्कूल का टीचर परीक्षाओं में नहीं लगाया जाएगा। शासकीय विद्यालयों के शिक्षक ही जवाबदारी निभाएंगे। 10 फरवरी से बोर्ड परीक्षाएं प्रारंभ होने जा रही हैं। 10वीं एवं 12वीं की परीक्षा के लिए 104 केन्द्र निर्धारित किए गए हैं। इनमें 16 संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील हैं। दोनों ही परीक्षाओं में एक लाख बच्चे सम्मिलित हो रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि इस बार व्यवस्था सख्त है। एक भी शासकीय शिक्षक परीक्षा ड्यूटी से बच नहीं पाएगा। प्राइवेट स्कूलों के शिक्षक इस काम से पूरी तरह दूर रखे गये हैं। अधिकारियों का कहना है कि शासकीय स्कूलों के शिक्षक ही पूरी परीक्षा संपन्न करवाएंगे। कितने शिक्षक पर्यवेक्षक एवं सहायक पर्यवेक्षक के रूप में ड्यूटी करेंगे? इसकी बाकायदा केन्द्रवार सूची अनुमोदित हो चुकी है। जितने शिक्षकों की सूची तैयार है उन सभी को ड्यूटी करनी होगी। राजधानी में आधा सैकड़ा से अधिक ऐसे व्याख्याता एवं शिक्षक हैं जो प्रतिवर्ष परीक्षा कार्य से बचते रहे हैं। डीईओ कार्यालय के अनुसार इनमें अनेक अधिकारी, नेताओं और अन्य रसूखदारों की शिक्षक पत्नियां एवं परिवारों के अन्य सदस्य हैं। यह परीक्षा कार्य से हमेशा दूर रहे हैं।
संवेदनशील हर केंद्र पर कैमरे
राजधानी में जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय का कहना है कि जितने संवेदन और अतिसंवेदनशील केन्द्र हैं उन सभी पर सीसीटीवी कैमरे लगा दिए गए हैं। मैदानी रिपोर्ट के आधार पर जहां नकल की संभावना है, वहां भी कैमरे लगवाए गए हैं। अफसरों का कहना है कि संवेदन और अतिसंवेदनशील केन्द्रों का एक बार मुआयना कर लिया गया है। मौजूदा सप्ताह में एक बार और यहां का अवलोकन किया जाएगा। परीक्षा में किसी भी प्राइवेट स्कूल का शिक्षक ड्यूटी नहीं करेगा। शासकीय स्कूलों के शिक्षक ही पूरी परीक्षा संपन्न करवाएंगे। बोर्ड के ऐसे निर्देश हैं। तैयारियों का निरंतर जायजा लिया जा रहा है।

Related Articles