
- आईएएस अरविंद जोशी की प्रॉपर्टी फिर जब्त…
भोपाल/बिच्छू डॉट कॉम। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की भोपाल यूनिट ने शुक्रवार को दिवंगत आईएएस अधिकारी अरविंद जोशी की 5 करोड़ रुपए की संपत्तियां कुर्क की हैं। मध्य प्रदेश के प्रशासनिक इतिहास में ब्लैक चैप्टर के रूप में दर्ज हो चुके पूर्व आईएएस अधिकारी अरविंद जोशी और उनकी पत्नी टीनू जोशी इसके बाद एक बार फिर सुर्खियों में आ गई हैं। प्रवर्तन निदेशालय मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट के तहत ताजा कार्रवाई करते हुए दिवंगत अरविंद जोशी, उनके परिजनों और सहयोगी एसपी कोहली के नाम पर दर्ज 5 करोड़ रुपए की प्रॉपर्टी को कुर्क कर लिया है। ईडी ने इस मामले की विवेचना लोकायुक्त पुलिस द्वारा उनके खिलाफ की 2010 में की गई जांच के बाद शुरू की थी। ईडी के अनुसार यह पूरी जायदाद अवैध काली कमाई से खरीदी गई थी। जांच में सामने आया कि दंपत्ति अरविंद और उनकी पत्नी टीनू जोशी ने अवैध कमाई को ठिकाने लगाने के लिए बकायदा एक नेटवर्क बनाया था। उन्होंने कई शैल कंपनियां बनाई और अपने परिजनों के साथ साथ एसपी कोहली जैसे करीबियों के नाम पर बेनामी संपत्तियां खरीदीं। ईडी ने भोपाल में स्थित उनका एक आलीशान रिहायशी प्लॉट, उपजाऊ कृषि भूमि और एक रिसॉर्ट कुर्क किया है। नवंबर 2023 में इनकम टैक्स अपीलीय ट्रिब्यूनल ने जोशी दंपत्ति के उनके खिलाफ आयकर विभाग के पुराने असेसमेंट को यह कहते हुए निरस्त कर दिया था कि विभाग की ओर से सुनवाई में देरी हुई। हालांकि ईडी और लोकायुक्त की आय से अधिक संपत्ति के मामले अभी भी जारी हैं, जिसके तहत कुर्की की गई है।
अरविंद-टीनू जोशी का अर्थ से सलाखों तक सफर
आयकर छापा: फरवरी 2010 में भोपाल के पॉश चार इमली 74 बंगला इलाके में स्थित उनके सरकारी बंगले पर छापा पड़ा।
क्या मिला: रेड में 3.04 करोड़ नकद, 25 फ्लैट, 387 एकड़ कृषि भूमि, विदेशी मुद्रा और महंगी विदेशी शराब के क्रेट्स मिले थे। कुल संपत्ति का आंकलन 350 से 360 करोड़
पारिवारिक पृष्ठभूमि: अरविंद और टीनू 1979 बैच के एमपी कैडर के आईएएस अधिकारी थे। अरविंद के पिता एचएम जोशी डीजीपी थे। उनकी बहन आभा जोशी भी अधिकारी थीं।
करियर: टीनू जोशी प्रधानमंत्री कार्यालयमें डिप्टी सेक्रेटरी रह चुकी थीं, जबकि अरविंद जोशी 1999 के कारगिल युद्ध के दौरान रक्षा मंत्रालय में जॉइंट सेक्रेटरी थे।
