
- ऑनलाइन पढ़ाई के साथ अकादमिक क्रेडिट भी मिलेंगे, 15 जनवरी तक करनी होगी मैपिंग
भोपाल/बिच्छू डॉट कॉम। मध्यप्रदेश की उच्च शिक्षा व्यवस्था डिजिटल हो रही है। भारत सरकार के स्वयं पोर्टल को लेकर राज्य सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। मंत्रालय में हुई समीक्षा बैठक में उच्च शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव अनुपम राजन ने स्पष्ट निर्देश दिए कि राज्य में संचालित सभी व्यवसायिक पाठ्यक्रमों की स्वयं पोर्टल से मैपिंग 15 जनवरी तक अनिवार्य रूप से पूरी की जाए। इसका सीधा फायदा लाखों विद्यार्थियों को मिलेगा, जिन्हें अब ऑनलाइन पढ़ाई के साथ अकादमिक क्रेडिट भी मिलेंगे। खास बात यह है कि गैर-तकनीकी विषयों में पंजीयन के मामले में मध्यप्रदेश देश में अव्वल बनकर उभरा है। बीते एक वर्ष में पंजीयन में 350 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि इस बात का संकेत है कि डिजिटल शिक्षा को लेकर छात्रों का भरोसा बढ़ा है और राज्य सरकार की रणनीति जमीन पर असर दिखा रही है।
सभी कोर्स की अनिवार्य मैपिंग: समीक्षा बैठक के दौरान अपर मुख्य सचिव अनुपम राजन ने केंद्रीय अध्ययन मंडल के अध्यक्ष और सदस्यों के साथ स्वयं पोर्टल की प्रोग्रेस रिपोर्ट देखी। उन्होंने निर्देश दिए कि वर्तमान में उपलब्ध सभी 35 व्यावसायिक कोर्सेस की स्वयं पोर्टल से मैपिंग तय समय-सीमा में पूरी की जाए। इससे इन पाठ्यक्रमों में अध्ययनरत विद्यार्थियों को क्रेडिट ट्रांसफर का फायदा मिलना शुरू होगा।
