
जयपुर में आज टीआईई ग्लोबल समिट में शामिल होंगे मुख्यमंत्री
सीएम डॉ. मोहन यादव सोमवार को जयपुर में होने वाली राजस्थान डिजीफेस्ट-टीआईई ग्लोबल समिट-2026 में शामिल होंगे। इस समिट में सीएम डॉ. यादव मप्र के प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करेंगे। समिट में सीएम उभरते हुए और उच्च विकास वाले क्षेत्रों पर मप्र का प्रौद्योगिकी एवं निवेश संबंधी दृष्टिकोण पेश करेंगे। इसके साथ ही मप्र की प्राथमिकताओं और तकनीकी क्षेत्रों में अवसरों के बारे में निवेशकों को जानकारी देंगे। सीएम जयपुर में इनोवेशन एक्सपो का भ्रमण करेंगे। मध्य प्रदेश पवेलियन का दौरा कर स्टार्टअप्स, इनोवेटर्स एवं उद्योग प्रतिनिधियों से संवाद भी करेंगे।
भाजपा सभी को साथ लेकर चलती है, इसीलिए बड़ी पार्टी
भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद ने रविवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में भोपाल जिले के विभिन्न टोलियों की बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि भारत को दुनिया का सर्वश्रेष्ठ राष्ट्र बनाना है। सर्वश्रेष्ठ राष्ट्र बनाने के लिए हमें सबसे पहले अपने राज्य, जिले और विधानसभा क्षेत्र से लेकर बूथ को मजबूत और सर्वश्रेष्ठ बनाना होगा, क्योंकि बूथ की मजबूती ही हमें सभी चुनावों में ऐतिहासिक विजय दिलाती है। भारतीय जनता पार्टी एक मात्र ऐसी राजनीतिक पार्टी है, जो सभी को साथ लेकर चलती है। भाजपा आज दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी इसलिए बन सकी है, क्योंकि वह सभी समाज वर्गों को साथ लेकर चलती है। हमें व्यक्ति निर्माण और कार्यकर्ता निर्माण को मूल में रखकर अपनी विचारधारा को लेकर निरंतर कार्य करना है। उन्होंने कहा कि भाजपा संगठन शून्य से शुरू होकर आज विराट वट वृक्ष बना है, इसका श्रेय भी हमारे पार्टी के पितृ पुरूषों, वरिष्ठों के साथ कार्यकर्ताओं की अथक मेहनत व परिश्रम को जाता है। प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद ने कहा कि पार्टी हमेशा से सभी को साथ लेकर चलती आ रही है। कार्यक्रमों को अपनी विचारधारा को आगे रखकर बेहतर तरीके से संपन्न कराने वाले कार्यकर्ता ही आगे चलकर बड़ी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हैं।
मंत्री उदय प्रताप सिंह ने दिए अधिकारियों को निर्देश
मप्र सरकार का पाठ्य पुस्तक निगम सरकारी स्कूलों के साथ ही प्रायवेट स्कूलों को कम कीमत में गुणवत्तापूर्ण किताबें उपलब्ध कराएगा। सस्ती किताबें एमपी बोर्ड पाठ्यक्रम संचालित करने वाले स्कूलों को उपलब्ध कराई जाएंगी। स्कूल शिक्षा विभाग के अधिकारी प्रायवेट स्कूल संचालकों के साथ बैठक कर उनसे पुस्तकों की जरूरत के संबंध में चर्चा करेंगे, ताकि विद्यार्थियों को सस्ती किताबें उपलब्ध कराई जा सकें। स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह ने विभागीय अधिकारियों को इस संबंध में निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि विभाग की इस सुविधा का विद्यार्थियों और अभिभावकों के मध्य व्यापक प्रचार-प्रसार भी किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को आगामी शिक्षण सत्र के पूर्व ही समस्त पाठ्य पुस्तकें मुद्रित कराने के निर्देश दिए हैं। मंत्री सिंह ने फरवरी, 2026 तक सभी स्कूल भवनों में विद्युत कनेक्शन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए हैं।
विजयवर्गीय के बयान को अमानवीय बताने वाले देवास एसडीएम सस्पेंड
इंदौर में गंदा पानी पीने से हुई मौतों और मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के विवादित बयान को लेकर जारी आदेश के मामले में देवास के एसडीएम आनंद मालवीय को 24 घंटे में निलंबित कर दिया गया। उज्जैन संभागायुक्त आशीष सिंह ने इसे गंभीर कदाचरण व अनुशासनहीनता मानते हुए निलंबन के आदेश जारी किए। एसडीएम के साथ उनके बाबू सहायक ग्रेड-3 को भी निलंबित किया है। 3 जनवरी को देवास-एसडीएम मालवीय ने कांग्रेस के प्रदर्शन की अनुमति से जुड़ा एक आदेश जारी किया था। इसमें इंदौर के भागीरथेपुरा क्षेत्र में मल-मूत्र युक्त पानी पीने से 14 मौत और 2800 लोगों के बीमार होने का उल्लेख किया गया। साथ ही मंत्री विजयवर्गीय के बयान को अमानवीय और निर्लज्जता की निशानी बताया गया।
