बिच्छू डॉट कॉम:टोटल रिकॉल/शाजापुर में मेडिकल कॉलेज व शुजालपुर में आयुर्वेद कॉलेज बनेगा

कॉलेज बनेगा

शाजापुर में मेडिकल कॉलेज व शुजालपुर में आयुर्वेद कॉलेज बनेगा
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को कहा कि जल्द ही शाजापुर में मेडिकल कॉलेज और शुजालपुर में आयुर्वेदिक कॉलेज की स्थापना की जाएगी। रविवार को शाजापुर जिले के जनप्रतिनिधियों के साथ उद्योग संघ, डाक्टर्स एसोशिएशन, कर्मचारी संघ, अधिवक्ता संघ के प्रतिनिधियों ने सीएम हाउस पहुंचकर मुख्यमंत्री मोहन यादव से मुलाकात की थी। इसी दौरान सीएम ने यह बात कही। सीएम ने कहा कि इंदौर-भोपाल दोनों मेट्रोपोलिटन एरिया के बीच में शाजापुर सबसे अच्छी जगह है, इसलिए यहां मेडिकल कॉलेज और आयुर्वेदिक कॉलेज का निर्माण कराया जाएगा।

निरीक्षण पर मंत्री प्रतिमा बागरी, पैर से कुरेदते ही उखड़ी सडक़, जांच के आदेश
अपने गृह विधानसभा क्षेत्र रैगांव (सतना) में रविवार को निरीक्षण के दौरान नगरीय विकास एवं आवास मंत्री प्रतिमा बागरी घटिया सडक़ निर्माण पर भडक़ गईं। उन्होंने पैर से नई बनी सडक़ का डामर कुरेदा तो एक पल में ही वो उछालकर बाहर आ गया। इसको देखकर मंत्री नाराज हुईं और संबंधित ठेकेदार का कॉन्ट्रैक्ट रद्द करने और निर्माण एजेंसी पर कार्रवाई के निर्देश दे दिए। हाल ही में पीडब्ल्यूडी द्वारा सुधारी गई कोठी तहसील की 3 किमी लम्बी पौड़ी-मनकहरी सडक़ का निरीक्षण राज्य मंत्री ने किया था। क्वालिटी देखने के लिए मंत्री ने गाड़ी से उतरकर पैर से डामर को थोड़ा धक्का दिया तो छूते ही वो हिस्सा हट गया। उन्होंने तंज भी कसा – ये रोड बनी है। राज्य मंत्री ने इस पर जमकर नाराजगी व्यक्ति की और अधिकारियों को निर्देश दिए कि तत्काल संबंधित ठेकेदार का टेंडर रद्द हो और निर्माण एजेंसी पर कार्रवाई की जाए।मंत्री ने मौके पर उपस्थित पीडब्ल्यूडी के ईई बीआर सिंह से जवाब तलब किया तो उन्होंने मामलों को हल्का करने की कोशिश की और कहा कि कुछ हिस्सों में निर्माण कों अस्वीकृत कर दिया गया है। लेकिन मंत्री ने घटिया निर्माण को गंभीर लापरवाही बताते हुए जांच और कार्रवाई के निर्देश दे दिए। कांग्रेस प्रवक्ता अभिनव बारोलिया ने एक्स पर घटना का वीडियो डालकर लिखा-अपनी ही सरकार पर सवाल उठाती हुई राज्य मंत्री।

पीडब्ल्यूडी मंत्री से मिले सिंधिया, कहा- ग्वालियर की सडक़ें ठीक करवाएं
भोपाल शहर की जर्जर सडक़ों को लेकर केंद्रीय दूरसंचार और पूर्वोत्तर विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया रविवार को भोपाल में लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह से मिलने उनके बंगले पर पहुंचे। सिंधिया ने ग्वालियर के शहर की भीतरी और बाहरी इलाकों की जर्जर सडक़ों की जानकारी पीडब्ल्यूडी मंत्री के देने के साथ ही इनके निर्माण और मरम्मत का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा-मानसून के पहले से ग्वालियर की सडक़ें खराब हैं। इसके बाद भी इनकी मरम्मत नहीं हो सकी है। ग्वालियर की जर्जर सडक़ों की मरम्मत के लिए 170 करोड़ के प्रस्ताव विभाग में लंबित हैं। सिंधिया ने इन प्रस्तावों को जल्द मंजूरी देने की मांग की।

सीएम, पीडब्ल्यूडी मंत्री व पीएस से शिकायत
मप्र डिप्लोमा इंजीनियर्स एसोसिएशन ने सोमवार की हड़ताल को लेकर बैठक बुलाकर अपना रुख साफ कर दिया। संगठन के प्रांतीय अध्यक्ष रविंद्र सिंह कुशवाहा, महामंत्री मनोज शर्मा ने बताया कि लोक निर्माण विभाग के इंजीनियर्स हड़ताल पर नहीं रहेंगे। संघ ने ऐसा कोई निर्णय नहीं लिया है। कुछ तथाकथित फर्जी पदाधिकारी द्वारा सदस्यों को गुमराह कर शासन की नीतियों का विरोध किया जा रहा है। मुख्यमंत्री, लोक निर्माण मंत्री और विभाग के प्रमुख सचिव को हमने आधिकारिक तौर पर पत्र भेजकर स्थिति स्पष्ट कर उचित कार्रवाई की मांग की। इन लोगों ने संघ के लेटर हेड का दुरुपयोग किया है। इन लोगों को पहले ही सॉन्ग की सदस्यता से 3 वर्षों के लिए निष्कासित किया जा चुका है।

Related Articles