बिच्छू टोटल रिकॉल/ एसआईआर की डेडलाइन 7 दिन बढ़ाई, कलेक्टरों को दिए निर्देश

एसआईआर की डेडलाइन 7 दिन बढ़ाई, कलेक्टरों को दिए निर्देश
प्रदेश में चल रहे मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण एसआईआर की भारत निर्वाचन आयोग ने समय सीमा 7 दिन बढ़ा दी है। इस संबंध में आयोग ने निर्देश भी जारी कर दिए हैं। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी मप्र संजीव कुमार झा ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा 30 संशोधित कार्यक्रम जारी किया गया है। मप्र में एसआईआर की प्रक्रिया अब 14 फरवरी तक चलेगी। इसके अनुसार अब 11 दिसम्बर तक एन्युमरेशन फॉर्म भरने का काम बीएलओ द्वारा किया जाएगा। 16 दिसंबर को मतदाता सूची के प्रारूप का प्रकाशन होगा। 16 दिसंबर से 15 जनवरी 2026 तक दावा आपत्तियों के आवेदन लिए जाएंगे। 16 दिसंबर से 7 फ रवरी 2026 तक दस्तावेजों का सत्यापन किया जाएगा। इसके बाद 14 फरवरी को फाइनल मतदाता सूची का प्रकाशन होगा। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी संजीव कुमार झा ने कहा कि सभी जिलों के कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारियों को भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी किए गए नवीन दिशा निर्देशों से अवगत कराया गया है।
नगर पालिका के अध्यक्षों का काम ठीक
नहीं तो जनता ही हटा सकेगी
मध्यप्रदेश सरकार नगरीय निकायों और व्यापारिक प्रतिष्ठानों से जुड़े दो बड़े बदलाव करने जा रही है। 1 दिसंबर से शुरू होने वाले विधानसभा के शीतकालीन सत्र में सरकार दो अहम विधेयक पेश करेगी। इनमें पहला-नगर पालिका और नगर परिषद अध्यक्ष के चुनाव से संबंधित और दूसरा दुकान एवं स्थापना अधिनियम में संशोधन से जुड़ा होगा। दोनों विधेयकों के पारित होने के बाद प्रदेश में निकाय अध्यक्षों की सीधी जनता द्वारा चुनाव और राइट टू रिकॉल लागू होगा, जबकि दुकानदारों और कामगारों को सप्ताह में एक दिन अनिवार्य अवकाश देना होगा।
कमलनाथ के करीबी सोहनलाल वाल्मीकी कांग्रेस के मुख्य सचेतक बने
भोपाल कांग्रेस ने छिंदवाड़ा के परासिया सीट से विधायक सोहनलाल वाल्मीकी को विधानसभा में पार्टी का मुख्य सचेतक (चीफ व्हिप) नियुक्त किया है। वाल्मीकी पूर्व सीएम कमलनाथ के करीबी हैं। यह नियुक्ति कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी के प्रस्ताव पर एआईसीसी द्वारा की गई है। कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल ने रविवार को विधानसभा के शीत सत्र से ठीक एक दिन पहले वाल्मीकी की नियुक्ति का आदेश जारी किया। गौरतलब है कि 16वीं विधानसभा के गठन को दो साल पूरे हो चुके हैं, लेकिन पिछले दो साल से कांग्रेस विधानसभा में बिना मुख्य सचेतक के ही काम चला रही थी। मुख्य सचेतक की नियुक्ति नहीं किए जाने को लेकर कांग्रेस के कई विधायक नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार की कार्यप्रणाली पर सवाल भी उठा चुके थे।
छ: जिलों ने एसआईआर का शत प्रतिशत काम किया पूरा
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी मध्यप्रदेश संजीव कुमार झा ने बताया कि प्रदेश में पत्रकों के डिजिटलाइजेशन का कार्य तेज गणना गति से जारी है। अभी तक मध्यप्रदेश के छ: जिलों अशोक नगर, नीमच, बैतूल, गुना, मंडला और सीहोर जिले ने एस आई आर का काम शत प्रतिशत पूरा कर लिया है। झा ने सभी शासकीय सेवकों और नागरिकों को धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि यह उपलब्धि सभी के समन्वित प्रयास और अथक परिश्रम से ही संभव हुई है। रविवार 30 नवंबर शाम तक 5 करोड़ 33 लाख से अधिक गणना पत्रकों का डिजिटलाइजेशन पूरा हो चुका है, जो कुल कार्य का लगभग 93 प्रतिशत है। झा ने बताया कि प्रदेश के 39 अन्य जिलों ने 95 प्रतिशत से अधिक कार्य पूरा कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। इसके अलावा प्रदेश के 5 जिलों में 92त्न से अधिक कार्य पूर्ण हो चुका है।

Related Articles