बिच्छू डॉट कॉम: टोटल रिकॉल/स्वदेशी वस्तुओं के क्रय विक्रय को प्रोत्साहन दें छोटे दुकानदार, व्यापारी

स्वदेशी वस्तुओं

स्वदेशी वस्तुओं के क्रय विक्रय को प्रोत्साहन दें छोटे दुकानदार, व्यापारी
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने स्वदेशी अपनाओ-मप्र समृद्ध बनाओ, स्वदेशी अपनाओ-देश को आत्मनिर्भर बनाओ के संदेश के माध्यम से प्रदेशवासियों को स्वदेशी अपनाने के लिए प्रेरित किया है। उन्होंने कहा कि हमें गांव-गांव, शहर-शहर स्वदेशी का अभियान चलाना है। प्रदेशवासी स्थानीय स्तर पर बने उत्पादों पर गर्व करें और गर्व से कहें कि हम स्वदेशी हैं। प्रदेश के छोटे दुकानदार, व्यापारी स्वदेशी वस्तुओं के क्रय-विक्रय को प्रोत्साहन दें। मुख्यमंत्री ने सीएम हाउस से गुरुवार को जारी अपने संदेश के माध्यम से प्रदेशवासियों से यह विचार साझा किए। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के स्वदेशी अपनाने के आह्वान का सभी प्रदेशवासी अनुसरण करें। त्योहारों के समय होने वाली खरीदारी में भी स्वदेशी वस्तुओं को अपनाया जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि वे स्वयं स्वदेशी के अभियान समर्पित हैं। स्वदेशी अपनाओ देशभक्त कहलाओ के भाव के साथ पूरा प्रदेश इस अभियान के साथ है।

पेंशन आपके द्वार योजना की सघन मॉनिटरिंग करें कलेक्टर
पेंशन आपके द्वार योजना का शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में प्रभावी ढंग से क्रियान्वयन हो सके, इसके लिए कलेक्टर और जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी योजना की नियमित समीक्षा करें। यह निर्देश प्रमुख सचिव सामाजिक न्याय दिव्यांगजन सशक्तिकरण सोनाली वांयणकर ने सभी जिला कलेक्टरों को दिए हैं। उन्होंने कहा कि सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग द्वारा मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार विभिन्न पेंशन योजनाओं के तहत सिंगल क्लिक से पेंशन राशि हितग्राहियों के खाते में प्रति माह अंतरित की जा रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में कल्याणी, दिव्यांगजन, वृद्धजन को प्रति माह पेंशन राशि निकालने के लिए बैंकों के चक्कर न लगाना पड़े। इस उद्देश्य से पेंशन आपके द्वार योजना संचालित की जा रही है। इसके तहत बैंकिंग कॅरेसपंडेंस से ऐसी ग्राम पंचायत में जिनसे बैंक या पोस्ट ऑफिस की दूरी 3 किलोमीटर से अधिक है, उन स्थानों पर बैंक करस्पॉन्डेंट्स, बैंकिंग सखीज, कॉमन सर्विस सेंटर, एसएचजी मेंबर्स के माध्यम से पेंशन राशि हितग्राहियों को उपलब्ध कराई जाती है।

विशेषज्ञ बताएंगे कैसे करें मजबूत सडक़ों का निर्माण
नगरीय प्रशासन एवं विकास संचालनालय द्वारा सस्टेनेबल रोड इन्फ्रास्ट्रक्चर विषय पर शुक्रवार को सुबह 9.15 बजे भोपाल स्थित प्रशासन आकादमी में कार्यशाला आयोजित की जाएगी। कार्यशाला में आईआईटी इंदौर, रूडकी, मॉर्थ, सीआरआरआई व रॉडिक के विषय विशेषज्ञों द्वारा सडक़ निर्माण की नई प्रणाली और सडक़ों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने पर प्रस्तुतिकरण दिया जाएगा। कार्यक्रम का शुभारंभ नगरीय प्रशासन आयुक्त संकेत भोंडवे करेंगे। मप्र के नगरीय क्षेत्र में केन्द्र सरकार की योजनाएं अमृत, स्वच्छ भारत मिशन एवं प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत जल-प्रदाय, सीवरेज, जल निकायों का जीर्णोद्धार, हरित क्षेत्र विकास और यूज्ड वॉटर मैनेजमेंट आदि कार्यों का क्रियान्वयन किया जा रहा है। सडक़ें हमारी अर्थव्यवस्था की धुरी हैं, जो नगरीय निकायों के समस्त क्षेत्रों को एक साथ जोड़ती हैं।

भाजपा का सुझाव, बीएलओ प्रत्येक घर के मतदाताओं के रंगीन फोटो भी खीचें
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर राज्य में जल्द होने वाले निर्वाचक नामावली के गहन/संक्षिप्त पुनरीक्षण की तैयारी के संबंध में गुरुवार को भोपाल में मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी संजीव कुमार झा ने मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। उन्होंने उपस्थित मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को मप्र की सामान्य जानकारी से अवगत कराते हुए निर्वाचक नामावली के विशेष गहन पुनरीक्षण के बारे में जानकारी दी। साथ ही प्रतिनिधियों को नामावली से संबंधित संवैधानिक प्रावधानों एवं भारत की नागरिकता होने बावत प्रावधानों से अवगत कराया। भाजपा के प्रतिनिधियों ने मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी को सुझाव पत्र सौंपा। इसमें कहा गया कि बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर निर्वाचन नामावली के पुनरीक्षण का जो कार्य किया जाएगा, उसमें प्रत्येक घर के मतदाताओं के रंगीन फोटो भी खींचे जाना चाहिए।

Related Articles